साल 2018 में कानाई मंडल CPIM के सदस्य थे। उस समय तृणमूल के तत्कालीन नेता शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया गया था। तब शुभेंदु अधिकारी मुर्शिदाबाद जिले के तृणमूल पर्यवेक्षक थे। आठ साल बाद कानाई मंडल (Kanai Mandal) ने फिर पार्टी बदली और इस बार भी उन्हें पार्टी बदलवाया है शुभेंदु अधिकारी ने ही।
इस बार शुभेंदु अधिकारी की उपस्थिति में वह भाजपा में शामिल हो गए। अजीब संयोग की बात है कि जिस हाथ से उन्होंने पहले तृणमूल का झंडा लिया था, वही शुभेंदु अधिकारी अब उन्हें भाजपा का झंडा दे रहे हैं।
कानाई मंडल मुर्शिदाबाद के नवग्राम विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं। लेकिन 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल ने उन्हें टिकट नहीं दिया है। गुरुवार को विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के माध्यम से उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला ले लिया। यह बदलाव उस समय आया जब 1 अप्रैल को नवग्राम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल प्रत्याशी प्रणव चंद्र दास के समर्थन में सभा की थी। जनसभा को संबोधित करने के महज 24 घंटे के भीतर इस बदलाव ने मुर्शिदाबाद में हलचल मचा दी।
कुछ दिन पहले तक शुभेंदु अधिकारी जो कानाई मंडल को ‘भू माफिया’ कहकर हमला बोला करते थे उन्होंने खुद उन्हें पार्टी का झंडा पकड़ाकर भाजपा में शामिल करवाया है। इस वजह से भाजपा समर्थक थोड़े असहज जरूर महसूस कर रहे थे लेकिन लालबाग संगठन जिले के अध्यक्ष सौमेन मंडल ने इसे सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा की ताकत बढ़ी है। कानाई मंडल एक वरिष्ठ नेता हैं। वह संगठन की समझ रखते हैं और उनका खुद का वोट बैंक है। इसलिए चुनाव से पहले यह पार्टी के लिए फायदेमंद ही साबित होगा।
राजनैतिक जानकारों का मानना है कि कानाई मंडल के भाजपा में शामिल होने से नवग्राम की राजनीति में एक नया समीकरण बन गया है। पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने तृणमूल प्रत्याशी के तौर पर दिलीप साहा को हरा दिया था। इस बार भाजपा ने उन्हीं दिलीप साहा को प्रत्याशी बनाया है। अब कानाई को उसी व्यक्ति को जिताने के लिए मैदान में उतरना होगा, जिसे एक समय उन्होंने हराया था।
तृणमूल इस पार्टी परिवर्तन को ज्यादा महत्व नहीं दे रही। तृणमूल के जंगीपुर संगठन जिले के अध्यक्ष और सांसद खलीलुर रहमान ने कहा कि कानाई का अपना कुछ वोट बैंक है, यह सही है। लेकिन हमारा संगठन काफी मजबूत है। इसके अलावा पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी जिस तरह से सभाएं करती हैं, उससे स्थानीय लोग खुश हैं। भीड़ ही सब कुछ बता रही है।
कांग्रेस ने भी कानाई पर तंज कसा है। नवग्राम ब्लॉक (पूर्व) कांग्रेस अध्यक्ष और मुर्शिदाबाद जिला कांग्रेस महासचिव धीरेंद्रनाथ यादव गुड्डू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की स्थिति नाजुक है। उनके लिए अब आगे कुआं और पीछे खाई वाली हालत है।