आम आदमी पार्टी (AAP) के पोस्टर बॉय कहलाने वाले सांसद राघव चड्ढ़ा पर आज अरविंद केजरीवाल का 'कोप' बरसा है। उन्हें पार्टी के उपनेता के पद से न सिर्फ हटा दिया गया है बल्कि राज्यसभा सचिवालय को पद लिखकर राघव चड्ढ़ा को पार्टी कोटा से बोलने के लिए समय नहीं देने की मांग भी की गयी है।
गुरुवार (2 अप्रैल) की सुबह राघव को उपनेता के पद से हटाए जाने की खबर सामने आने के काफी देर बाद उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल से पहला पोस्ट किया है। यह पोस्ट वायरल भी हो चुका है। हालांकि इस पोस्ट में राघव चड्ढ़ा ने कुछ कहा तो नहीं है। लेकिन जानकारों का कहना है कि बिना कुछ कहे ही एक प्रकार से उन्होंने पार्टी की बखिया उधेड़ डाली हैं।
क्या है यह पोस्ट?
पार्टी के इस फैसले के बाद राघव चड्ढ़ा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से जो पहला पोस्ट किया है उसमें उन्होंने एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में उनके द्वारा राज्यसभा में उठाए गए कई मुद्दों का जिक्र किया गया है। AAP नेता के इस वीडियो को अब तक लाखों की तादाद में लोगों ने न सिर्फ देखा है बल्कि 2 हजार से ज्यादा कमेंट में प्रतिक्रियाएं भी दी जा चुकी हैं। इस वीडियो में राघव चड्ढ़ा द्वारा राज्यसभा में उठाए गए उन कुछ मुद्दों की छोटी-छोटी क्लीप को शामिल किया है जो जनसरोकार से जुड़े मुद्दे रहे हैं।
— Raghav Chadha (@raghav_chadha) April 2, 2026
राघव चड्ढ़ा के खिलाफ पार्टी ने ऐसे समय में कार्रवाई की है जब वह राज्यसभा में जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार अपनी बात कह रहे थे। चाहे एयरपोर्ट पर 10 रुपए की चाय हो या गिग वर्कर्स का मुद्दा हो। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि पार्टी हाई कमान उन्हें लगातार चेतावनी दे रहे थे कि वे बिना चर्चा के मुद्दों पर बोल रहे हैं। वह राज्यसभा में किन मुद्दों को उठाएंगे इस बारे में पार्टी को पहले से कोई जानकारी नहीं दे रहे थे।
पार्टी का बयान
मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि पार्टी का यह फैसला अनुशासनहीनता और पार्टी लाइन का पालन न करने की वजह से लिया जा सकता है। राघव चड्ढ़ा पर पहले भी आरोप लगते रहे हैं कि वह पार्टी लाइन से अलग मुद्दों पर बात करते हैं। हालांकि पार्टी ने इसे रुटिन बदलाव माना है। हालांकि जिस समय अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को राउज एवेन्यू कोर्ट से बरी किया गया था, तब राघव चड्ढ़ा का कोई बयान सामने नहीं आया था। उसके बाद से ही लग रहा था कि राघव चड्ढ़ा की पार्टी से दूरी बढ़ रही है।
राघव चड्ढ़ा ने राज्यसभा में जिन प्रमुख मुद्दों को उठाया :
- राइट टू रिकॉल (जनता को नेता वापस बुलाने का अधिकार)
- मिडिल क्लास पर टैक्स बोझ
- खाद्य पदार्थों में मिलावट का मुद्दा
- गिग वर्कर्स (10 मिनट डिलीवरी वाले कामगारों) की सुरक्षा
- एयरपोर्ट पर महंगा चाय-पानी