नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में बुधवार को हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा के दौरान दो लोगों द्वारा मस्जिद के वुज़ू क्षेत्र के टिन शेड पर चढ़कर भगवा झंडा लहराने की घटना सामने आई है। पुलिस ने बताया कि दोनों व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है।
समाचार एजेंसी पीटीआई और अन्य मीडिया सूत्रों के अनुसार यह घटना दोपहर करीब 1:30 बजे हुई, जब धार्मिक शोभायात्रा उस इलाके से गुजर रही थी। आरोप है कि यात्रा में शामिल कुछ युवक सड़क किनारे स्थित एक मस्जिद की दीवार पर चढ़ गए और वहां भगवा ध्वज लहरा दिया। वे मस्जिद के वुज़ू क्षेत्र (जहां नमाज़ से पहले हाथ, चेहरा और पैर आदि धोए जाते हैं) की टिन की छत पर चढ़ गए और वहां झंडा लहराया, जिससे आसपास के लोगों में तनाव पैदा हो गया।
मौके पर मौजूद बीट स्टाफ ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए दोनों को बिना देरी के नीचे उतार लिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी वहां पहुंचे और मस्जिद कमेटी के सदस्यों तथा स्थानीय निवासियों के साथ बातचीत कर माहौल को शांत करने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इलाके में शांति बनी हुई है। अधिकारियों के अनुसार समय पर की गई कार्रवाई से स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सका।