🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

KKR vs SRH : IPL 2026 में SRH का उगा सूरज, KKR को मिली शर्मनाक हार, बैटिंग-बॉलिंग दोनों फेल

अपने घरेलू मैदान इडेन गार्डन्स पर KKR को सनराइजर्स हैदराबाद ने 65 रनों से हरा दिया।

By Moumita Bhattacharya, Soumyadip Dey

Apr 03, 2026 00:12 IST

IPL के मौजूद सत्र में अब तक कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) को एक भी जीत हासिल नहीं हो पायी है। पहले मैच में मुंबई इंडियंस ने KKR को रौंद दिया था जहां टीम की गेंदबाजी आक्रमण की कमजोरी साफ नजर आ रही थी। हालांकि दूसरे मैच में गेंदबाजी में थोड़ा सुधार जरूर हुआ लेकिन इस बार बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही। अपने घरेलू मैदान इडेन गार्डन्स पर KKR को सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) ने 65 रनों से हरा दिया।

शुरुआती दोनों मैचों को मिलाकर KKR की गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही क्षेत्रों में कमी टीम के लिए चिंता का सबब बनी हुई है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 8 विकेट खोकर 226 रन बनाए। KKR के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजाराबानी ने अकेले चार विकेट चटकाकर शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि बल्लेबाजों की नाकामी की वजह से उनकी मेहनत पूरी तरह से बेकार रही। KKR की टीम मात्र 161 रन बनाकर ऑल आउट हो गयी। इसके साथ ही IPL में KKR के लिए पहली जीत दर्ज करने का इंतजार थोड़ा और लंबा हो गया।

पूरी तरह से फ्लॉप रही KKR की बल्लेबाजी

KKR की बल्लेबाजी पूरी तरह विफल रही। 227 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने अच्छी शुरुआत की थी। फिन एलेन ने सिर्फ 7 गेंदों में 28 रनों की तूफानी पारी खेली, लेकिन जल्द ही आउट हो गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे अजिंक्या रहाणे भी नाकाम रहे और 10 गेंदों में मात्र 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद एक गहलफहमी की वजह से कैमरुन ग्रीन रन आउट हो गए। उन्होंने 2 गेंदों में मात्र 2 रन ही बनाए।

इन शुरुआती झटकों के बाद टीम संभल नहीं पाई और मैच हाथ से निकल गया।

रन-आउट बनी सबसे बड़ी मुसीबत

74/3 के स्कोर से KKR की पारी को रिंकू सिंह और अंगकृष रघुवंशी ने संभाला। दोनों के बीच 46 रनों की साझेदारी हुई। रघुवंशी ने शानदार अर्धशतक लगाया और 27 गेंदों में 50 रन बनाए। हालांकि यह अर्धशतक बनाना आसान नहीं था लेकिन यहां भी एक गलतफहमी आड़े आ गयी।

11वें ओवर की आखिरी गेंद पर रिंकू के साथ उनका तालमेल बिगड़ा और रघुवंशी रन-आउट होकर चलते बने। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे अनुकूल रॉय बिना खाता खोले आउट हो गए। लेकिन KKR की उम्मीदों को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब 14वें ओवर में एक बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करते हुए रिंकू सिंह 25 गेंदों में 35 रन बनाकर आउट हो गए।

इसके बाद तो जैसे टीम की जीत की उम्मीदें ही खत्म हो गई। इसके बाद KKR की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। रमणदीप सिंह (10) और सुनील नारीन (12) भी कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके। आखिरकार KKR की टीम 16 ओवर में 161 रन पर ऑल आउट हो गई। जयदेव उनादकट ने 3 विकेट लिए, जबकि नितिश कुमार रेड्डी और इशान मलिंगा ने 2-2 विकेट झटके।

SRH की पारी

ओपनिंग करने उतरे ट्रैविस हेड (21 गेंद में 46) और अभिषेक शर्मा (21 गेंद में 48) ने तूफानी शुरुआत दी। इशान किशन (14) कोई बड़ी पारी नहीं खेल सके। आखिरी ओवर तक हेनरीख क्लासेन टिके और 35 गेंदों में 52 रन बनाए। मिडिल ऑर्डर में उतरे नितिश कुमार रेड्डी ने 24 गेंदों में 39 रनों की अहम पारी खेली। इस तरह 20 ओवर में 8 विकेट खोकर हैदराबाद ने 226 रन बनाए। हालांकि KKR के गेंदबाज ब्लेसिंग मुजाराबानी ने अकेले 4 विकेट झटककर पूरी मैच में चमक उठे।

Articles you may like: