मोतिहारीःबिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से चार लोगों की मौत हो गयी है। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव में हुई इस घटना के बाद कई लोग गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें कुछ की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने स्प्रिट से तैयार अवैध शराब का सेवन किया था। इसके बाद अचानक तबीयत बिगड़ने की घटनाएं सामने आईं। पहले एक व्यक्ति की मौत हुई, लेकिन अगले ही दिन मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब कुछ पीड़ितों की आंखों की रोशनी प्रभावित होने की बात सामने आई। चिकित्सकों के मुताबिक, जहरीले पदार्थ के सेवन का यह गंभीर दुष्प्रभाव है और इससे पीड़ितों की हालत और जटिल हो सकती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा था, लेकिन उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
इधर, पुलिस और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
यह घटना राज्य में लागू शराबबंदी कानून की प्रभावशीलता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है।