🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कौन बनेगा बिहार का अगला सीएम ? एक मंत्री ने बड़े दावेदार का दिया संकेत, 9 अप्रैल को दिल्ली जा सकते हैं नीतीश

By लखन भारती

Apr 03, 2026 11:55 IST

पटनाः बिहार की राजनीति एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। आने वाले दिनों में यह साफ हो जाएगा कि राज्य की कमान किसके हाथ में जाती है और नई सरकार किस दिशा में आगे बढ़ती है। फिलहाल हर किसी की निगाहें राज्य के नए सीएम पर टिकी हैं। किसी का नाम अभी तय नहीं हुआ है। लेकिन नीतीश के मंत्री ने नए सीएम के नाम को लेकर बड़ा संकेत दिया है।

समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने एक बड़ा बयान देकर सियासी हलचल तेज कर दी है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी और निशांत की जोड़ी आने वाले समय में हिट साबित हो सकती है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता भी यही चाहती है कि सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री बनें। बता दें कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं। उन्होंने एमएलसी के पद से इस्तीफा भी दे दिया है।

मदन सहनी ने बातचीत में कहा कि उनकी जानकारी के मुताबिक निशांत को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह फैसला जनता दल (यू) और भाजपा दोनों की सहमति से हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी इच्छा है कि सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाया जाए। हालांकि, अंतिम फैसला भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को ही करना है।

मंत्रिमंडल में किसको मिलेगी जगह ?

मंत्रिमंडल को लेकर भी मदन सहनी ने बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि नई सरकार में कई नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। जेडीयू की ओर से 5 से 6 पुराने नेताओं को जगह मिल सकती है, जबकि बाकी सीटों पर नए चेहरों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि निशांत की टीम में भी नए लोगों के लिए जगह बनाई जा सकती है। मदन सहनी ने यह भी साफ किया कि चाहे नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहें या नहीं, उनका राजनीतिक कद कम नहीं होगा। उन्होंने कहा कि नई सरकार भी नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में ही काम करेगी।

नीतीश कब देंगे इस्तीफा ?

इधर, ताजा जानकारी के मुताबिक, नीतीश कुमार 9 अप्रैल को दिल्ली रवाना हो सकते हैं और 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इसके बाद उनके 10 अप्रैल की शाम या 11 अप्रैल की सुबह तक पटना लौटने की संभावना है। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि राज्यसभा सदस्य बनने के बाद वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

कब तक बनेगी नई सरकार ?

सूत्रों के अनुसार, नई सरकार के गठन की प्रक्रिया 10 अप्रैल के बाद शुरू हो सकती है। माना जा रहा है कि अप्रैल के तीसरे हफ्ते, यानी खरमास खत्म होने के बाद, बिहार को नया मुख्यमंत्री और नई सरकार मिल सकती है। हालांकि, मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला एनडीए के शीर्ष नेतृत्व द्वारा ही लिया जाएगा।

Articles you may like: