नई दिल्ली : भारत में शुक्रवार को शेयर बाजार और बैंक दोनों बंद रहेंगे। यह छुट्टी गूड फ्राइडे के अवसर पर है। देश के दो प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पूरा दिन बंद रहेंगे। इसके अलावा देश के अधिकांश शहरों में बैंक भी ग्राहकों के लिए बंद रहेंगे।
शेयर बाजार के सभी सेगमेंट इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव, करेंसी डेरिवेटिव, ट्राई-पार्टी रेपो, कमोडिटी डेरिवेटिव और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसिप्ट भी शुक्रवार को बंद रहेंगे। सामान्यतः शेयर बाजार शनिवार और रविवार को बंद रहता है इसलिए सोमवार 6 अप्रैल से कारोबार सामान्य रूप चालू होगा।
यह अप्रैल की पहली छुट्टी है। इससे पहले 31 मार्च को महावीर जयंती के अवसर पर बाजार बंद था और आगामी 14 अप्रैल को भी अम्बेडकर जयंती की वजह से शेयर बाजार बंद रहेगा।
शेयर बाजार के साथ-साथ बैंकों की गतिविधियां भी प्रभावित होंगी। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सहित सभी सरकारी बैंक और एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, एक्सिस जैसे निजी बैंक शुक्रवार को बंद रहेंगे।
कोलकाता, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और देश के अन्य शहरों में बैंक के गेट पर ताला लटका रहेगा। ग्राहक इस दिन शाखाओं में जाकर लेन-देन नहीं कर पाएंगे, लेकिन ऑनलाइन बैंकिंग और मोबाइल ऐप के माध्यम से लेन-देन करना जारी रहेगा। एटीएम से नकदी निकालना भी सामान्य रूप से संभव रहेगा।