कोलकाता के NRS मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में बड़ा हादसा। क्रिटिकल केयर यूनिट (CCU) की छत का एक हिस्सा टूट कर गिरने से हड़कंप मच गया है। शुक्रवार को दिन में यूएनबी बिल्डिंग की छत का एक हिस्सा टूट कर अचानक गिर पड़ा। इस घटना की वजह से अस्पताल परिसर में आतंक का माहौल छा गया है। CCU में इलाजरत 12 मरीजों को दूसरी जगह पर स्थानांतरित कर दिया गया है।
अस्पताल सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार CCU की छत में दरार दिखाई देने की बात गत बुधवार को ही अस्पताल प्रबंधन को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी गयी थी। उसके एक दिन बाद ही यह हादसा हुआ।
Read Also | फैमिली पेंशनभोगियों के बकाया DA को लेकर दिशा-निर्देश जारी, हेल्पलाइन शुरू
बताया जाता है कि छत के एक हिस्से के टूटकर गिरने की वजह से फर्श में भी दरार पड़ गयी है। सिर्फ इतना ही नहीं 6वीं मंजिल के खंभे और दीवार पर भी दरार नजर आने लगी है। आशंका जतायी जा रही है कि किसी भी समय विभाग में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थिति की गंभीरता को मद्देनजर रखते हुए 12 बेड वाले CCU को फिलहाल बंद रखने का फैसला लिया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि जब तक PWD अस्पताल के CCU की मरम्मत का काम पूरा नहीं कर लेती है तब तक विभाग में मरीजों को भर्ती नहीं किया जाएगा।
इस मामले में राज्य के स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि गत 1 अप्रैल को पहली बार दरार दिखाई दी थी। इस बारे में तुरंत PWD को जानकारी दी गयी थी। विभाग की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वर्तमान में फॉल्स सिलिंग को हटाकर छत की मरम्मत का काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा इमारत पूरी तरह से सुरक्षित है।