कोलकाता : आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही है। टीम अपने पहले दो मुकाबले हार चुकी है जिसके बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे आलोचनाओं के घेरे में हैं। खराब प्रदर्शन के बीच रहाणे ने अपनी बल्लेबाजी पर उठ रहे सवालों को लेकर नाराजगी जाहिर की है।
गौरतलब है कि 2024 में केकेआर ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में तीसरा आईपीएल खिताब जीता था, लेकिन इसके बाद टीम और अय्यर अलग हो गए। 2025 में रहाणे को कप्तान बनाया गया हालांकि उनके नेतृत्व में पिछला सीजन खास नहीं रहा और इस साल भी टीम हार से शुरुआत कर चुकी है।
पहले मैच में केकेआर को मुंबई इंडियंस ने हराया, जबकि दूसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने 65 रन से शिकस्त दी। पहले मैच में रहाणे ने 40 गेंदों पर 67 रन बनाए लेकिन दूसरे मैच में वह 10 गेंदों में सिर्फ 8 रन ही बना सके। इसके बाद उनके स्ट्राइक रेट पर सवाल उठने लगे।
आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए रहाणे ने कहा कि 2023 के बाद से वह सबसे बेहतर स्ट्राइक रेट वाले बल्लेबाजों में शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर उनकी आलोचना कर रहे हैं और उनकी सफलता से जलते हैं।
आंकड़ों पर नजर डालें तो 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए रहाणे ने 172 के स्ट्राइक रेट से 326 रन बनाए थे और टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। 2024 में उनका प्रदर्शन थोड़ा गिरा लेकिन केकेआर के लिए पिछले सीजन में उन्होंने 148 के स्ट्राइक रेट से 390 रन बनाए, जो टीम में सबसे ज्यादा थे।
पावर प्ले में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है जहां वह ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा और फिल सॉल्ट के बाद चौथे स्थान पर हैं। वह विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे खिलाड़ियों से भी आगे हैं।
हालांकि उनकी कमजोरी स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ धीमी बल्लेबाजी रही है। जब तक रहाणे इस कमी को दूर नहीं करते, तब तक आलोचना उनका पीछा करती रहेगी।