वाशिंगटन : फीफा वर्ल्ड कप 2026 के टिकटों की कीमत में भारी बढ़ोतरी ने फुटबॉल प्रेमियों को नाराज कर दिया है। खासतौर पर फाइनल मुकाबले के टिकट की कीमत आसमान छूने के बाद फीफा को आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है।
टिकट बिक्री के अंतिम चरण में फाइनल का सबसे महंगा टिकट करीब 10,990 डॉलर (लगभग 11 हजार डॉलर) तक पहुंच गया है। इससे पहले सितंबर में पहले चरण के दौरान इसकी अधिकतम कीमत 6,730 डॉलर थी। यानी कीमत में करीब 38 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
अन्य श्रेणियों में भी कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। कैटेगरी-2 टिकट की कीमत 32 प्रतिशत बढ़कर 7,380 डॉलर हो गई है जबकि कैटेगरी-3 टिकट 5,785 डॉलर तक पहुंच गया है। तुलना करें तो 2022 वर्ल्ड कप फाइनल का सबसे महंगा टिकट सिर्फ 1,604 डॉलर था।
टिकट बिक्री की यह प्रक्रिया ‘लास्ट-मिनट सेल’ के तहत ‘पहले आओ, पहले पाओ’ आधार पर की जा रही है लेकिन शुरुआत में ही कई खरीदारों को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोग गलत पेज पर पहुंच गए, जहां राष्ट्रीय टीमों के आधिकारिक समर्थकों के लिए अलग एक्सेस कोड की जरूरत थी। इस वजह से फैंस की नाराजगी और बढ़ गई।
आलोचनाओं के बीच जियानी इन्फेंटिनो ने कहा कि टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी की वजह भारी मांग है। इस बार कुल करीब 70 लाख टिकट उपलब्ध कराए गए हैं जिनमें से 30 लाख से ज्यादा पहले ही बिक चुके हैं।
गौरतलब है कि यह वर्ल्ड कप पहली बार 48 टीमों के साथ खेला जाएगा। टूर्नामेंट का आयोजन संयुक्त राज्य अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में होगा। यह 12 जून से शुरू होकर 19 जुलाई तक चलेगा।
बढ़ती कीमतों और तकनीकी समस्याओं ने इस बड़े आयोजन को लेकर फैंस की चिंता बढ़ा दी है।