मुंबई : पूर्व भारतीय क्रिकेटर पीयूष चावला ने जियोहॉटस्टार पर बातचीत करते हुए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 सीजन में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खराब प्रदर्शन के लिए टीम के विदेशी तेज गेंदबाजों खासकर मार्को जानसन और जेवियर बार्टलेट के निराशाजनक प्रदर्शन को प्रमुख कारण बताया है।
पंजाब किंग्स को गुरुवार को मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा जो उनकी लगातार पाँचवीं हार थी। उल्लेखनीय है कि इस हार से पहले पंजाब किंग्स ने शानदार शुरुआत करते हुए लगातार छह मैच जीते थे। वर्तमान में पंजाब किंग्स 12 मैचों में 13 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर है और प्लेऑफ में जगह पक्की करने के लिए उन्हें अपने बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे।
मार्को जानसन और जेवियर बार्टलेट दोनों ही रन लुटा रहे हैं और विकेट निकालने में संघर्ष कर रहे हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में जानसन ने चार ओवर में 55 रन देकर एक विकेट लिया जबकि बार्टलेट ने 3.5 ओवर में 55 रन देकर कोई विकेट नहीं लिया।
चावला ने कहा कि जानसन अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं दिखे हैं जबकि बार्टलेट नई गेंद के स्पेल के बाद प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं जिससे पंजाब किंग्स के लिए बड़े स्कोर का पीछा करना मुश्किल हो रहा है।
पीयूष चावला ने कहा कि पंजाब किंग्स अब बेहद दबाव में हैं क्योंकि उन्हें टूर्नामेंट में बने रहने के लिए अपने सभी बचे हुए मैच जीतने होंगे। जिस तरह से उन्होंने सीजन की शुरुआत की थी उससे बहुत कम लोगों ने सोचा होगा कि वे इस स्थिति में होंगे। गेंदबाजी सबसे बड़ी चिंता बन गई है खासकर उनके विदेशी तेज गेंदबाजों के फॉर्म और निरंतरता की समस्या के कारण।
उन्होंने आगे कहा कि जेवियर बार्टलेट को नई गेंद के स्पेल के बाद मुश्किल हो रही है। जब आपके प्रमुख विदेशी तेज गेंदबाज अपने पूरे स्पेल में अधिक रन लुटाते हैं तो 200 से अधिक के लक्ष्य को नियंत्रित करना बेहद कठिन हो जाता है।
मार्क बाउचर ने भी कहा कि पंजाब किंग्स मजबूत शुरुआत के बावजूद लगातार करीबी हार के बाद मुश्किल स्थिति में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि प्लेऑफ क्वालिफिकेशन को लेकर अत्यधिक सोच टीम पर अतिरिक्त दबाव डाल रही है। बाउचर ने सुझाव दिया कि पंजाब किंग्स को “कुछ खोने के लिए नहीं है” की मानसिकता के साथ अधिक निडर होकर खेलना चाहिए और स्वतंत्रता के साथ प्रदर्शन पर ध्यान देना चाहिए।
मार्क बाउचर ने कहा कि पंजाब किंग्स लगातार करीबी हारों के बाद मुश्किल स्थिति में आ गई है जबकि उन्होंने सीजन की मजबूत शुरुआत की थी। कई बार शीर्ष चार और क्वालिफिकेशन की लगातार सोच टीम पर अतिरिक्त दबाव डाल देती है और शायद इस मानसिकता से दूर होना ही मदद कर सकता है। अगर वे बचे हुए मैचों को बिना डर के खेलें और यह महसूस करें कि उनके पास खोने के लिए कुछ नहीं है तो वे मानसिक रूप से अधिक स्वतंत्र होकर खेल सकते हैं।
मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पंजाब किंग्स के लिए प्रियांश आर्य (22 रन, 17 गेंद, चार चौके) और प्रभसिमरन सिंह के बीच 50 रनों की साझेदारी ने अच्छी शुरुआत दी। प्रभसिमरन ने धीमी शुरुआत के बावजूद 32 गेंदों में 57 रन बनाए जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल थे। उन्होंने कूपर कॉनॉली (21 रन) के साथ 57 रनों की साझेदारी की। 107/1 से पंजाब किंग्स का स्कोर 140/7 तक गिर गया।
अजमतुल्लाह उमरजई (17 गेंदों में 38 रन, दो चौके और चार छक्के), विष्णु विनोद (15* रन) और ज़ेवियर बार्टलेट (18* रन) की तेज पारियों ने पंजाब किंग्स को 20 ओवर में 8 विकेट पर 200 रन तक पहुँचाया। मुंबई इंडियंस के लिए शार्दुल ठाकुर (4/39) और दीपक चाहर (2/36) सबसे सफल गेंदबाज़ रहे।
लक्ष्य का पीछा करते हुए रयान रिकेल्टन (23 गेंदों में 48 रन, चार चौके और चार छक्के) और रोहित शर्मा (26 गेंदों में 25 रन, दो छक्के) ने 61 रनों की साझेदारी की। इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और 17वें ओवर में स्कोर 149/4 था, तब मुकाबला संतुलित लग रहा था। लेकिन तिलक (33 गेंदों में 75* रन, छह चौके और छह छक्के) और विल जैक्स (10 गेंदों में 25* रन, दो चौके और दो छक्के) ने 56 रनों की विस्फोटक साझेदारी कर एक गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
पंजाब किंग्स के लिए अजमतुल्लाह उमरजई (4 ओवर में 2/36), युजवेंद्र चहल (4 ओवर में 1/32) और अर्शदीप सिंह (4 ओवर में 0/29) ने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन विदेशी तेज़ गेंदबाज मार्को यानसन (1/55) और जेवियर बार्टलेट (0/53) महंगे साबित हुए।
मुंबई इंडियंस आठ अंकों के साथ अंक तालिका में आठवें स्थान पर है जबकि पंजाब किंग्स छह जीत, पांच हार और एक नो रिजल्ट के साथ 13 अंकों पर रहते हुए शीर्ष चार में बनी हुई है। यदि चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को हरा देती है तो पंजाब किंग्स शीर्ष चार से बाहर हो जाएगी।