बंगाल में भाजपा की सरकार गठित होने के बाद पहली प्रशासनिक बैठक दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में होने वाली है। इस बाबत नवान्न सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कल यानी शनिवार (16 मई) को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी यह बैठक करने वाले हैं।
अब तक तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी का गढ़ कहलाने वाले डायमंड हार्बर में चुनाव के बारे में परिस्थितियां पूरी तरह से बदल गयी है।
दूसरी ओर 21 मई को फलता विधानसभा में पुनर्निर्वाचन होने वाला है। ऐसी स्थिति में डायमंड हार्बर में प्रशासनिक बैठक के लिए डायमंड हार्बर को चुन लेना अपने आप में काफी कुछ कहता है।
मिली जानकारी के अनुसार कल मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी डायमंड हार्बर में एक सभा को भी संबोधित कर सकते हैं जिसमें वह कार्यकर्ताओं को संबोधित कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे को कई लोग फलता विधानसभा उपचुनाव से पहले सत्ताधारी पार्टी की राजनीतिक रणनीति के रूप में देख रहे हैं।
Read Also | शुभेंदु अधिकारी ने छोड़ी नंदीग्राम सीट, विधानसभा स्पीकर को सौंपा इस्तीफा
गौरतलब है कि साल 2014 से लगातार तीन बार डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र से अभिषेक बनर्जी ने जीत हासिल की है। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने इस सीट से 7 लाख 11 हजार वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। हालांकि इस बार के विधानसभा चुनाव परिणामों के संदर्भ में यह अंतर काफी कम हो गया है।
सूत्रों के अनुसार कल होने वाली प्रशासनिक बैठक से शुभेंदु अधिकारी डायमंड हार्बर के लोगों के लिए कई योजनाएं या विकास कार्यक्रमों की घोषणा कर सकते हैं। गुरुवार की शाम नवान्न स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में डायमंड हार्बर दौरे का कार्यक्रम अंतिम रूप दिया गया।