लोकसभा और राज्यसभा की तरह अब पश्चिम बंगाल में विधानसभा की कार्यवाही का भी सीधा प्रसारण किया जाएगा। 18वीं विधानसभा में स्पीकर के रूप में रथींद्रनाथ बसु के चुने जाने के बाद यह निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि सभी लोग जनता के प्रतिनिधि बनकर आए हैं।
विधानसभा के अंदर सरकार पक्ष क्या कर रहा है और विपक्ष क्या भूमिका निभा रहा है, यह सब जानने का अधिकार जनता को है। इसमें कुछ भी गोपनीय नहीं है। इसलिए लाइव स्ट्रीमिंग होगी और जनता की निगरानी रहेगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पिछली तृणमूल सरकार के समय भी विधानसभा की कार्यवाही का लाइव प्रसारण होता था लेकिन यह हर दिन नहीं किया जाता था। विधानसभा सत्र के कुछ खास दिनों विशेषकर मुख्यमंत्री के भाषण के समय ही इसका सीधा प्रसारण होता था।
Read Also | आरजी कर कांड में विनीत गोयल समेत कोलकाता पुलिस के 3 IPS अधिकारी सस्पेंड
इस बार निर्णय लिया गया है कि अब हर दिन विधानसभा की कार्यवाही का लाइव प्रसारण किया जाएगा। इस व्यवस्था के लिए भांगड़ के आईएसएफ विधायक नौशाद सिद्दीकी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का धन्यवाद भी दिया।
शुक्रवार को विधानसभा में कुचबिहार दक्षिण सीट के विधायक रथींद्रनाथ बसु को निर्विरोध ध्वनि मत से नया स्पीकर चुन लिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री और सत्ताधारी पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी तथा विपक्ष के नेता शोभन चट्टोपाध्याय ने उन्हें स्पीकर की कुर्सी तक पहुंचाया। उन्हें पूर्व स्पीकर बिमान बनर्जी ने शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नए स्पीकर को धन्यवाद देते हुए लाइव प्रसारण की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि संगठनात्मक विपक्ष की जरूरत है। संवैधानिक भाषा में House belongs to the Opposition। साथ ही उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपनी बात रखें। सरकार और विपक्ष को 50-50 प्रतिशत समय बोलने का अवसर दिया जाएगा। यह सुनिश्चित किया जाए कि 11 महीनों तक विपक्ष के नेता को विधानसभा से बाहर न रखा जाए।