11 जून की सुबह कोलकाता के अलीपुर इलाके में स्थित एक सरकारी ऑफिस में भयावह आग लग गयी। हालांकि इस घटना के पीछे भाजपा ने राजनीतिक षड्यंत्र होने का दावा किया है लेकिन दमकल विभाग की ओर से संभावना जतायी जा रही है कि एसी मशीन में विस्फोट की वजह से आग लगी हो सकती है।
दावा किया जा रहा है कि आग लगने के बाद एक के बाद एक कई एसी मशीनों में विस्फोट की आवाजें सुनायी दे रही थी। बहरहाल, इस ऑफिस में आग लगने की वजह चाहे जो रही हो लेकिन गर्मी के मौसम में अचानक एसी में आग लगने की कई घटनाएं अक्सर घटती रहती हैं।
क्या कोई ऐसा तरीका भी है जिससे एसी मशीन में आग लगने या विस्फोट की संभावनाओं का पता समय रहते लगाया जा सकता है? जी हां, ऐसा बिल्कुल हो सकता है। जानकारों का कहना है कि एसी अचानक से एक दिन ब्लास्ट नहीं हो जाता है बल्कि पहले से ही उसमें कई संकेत मिलते हैं। समय रहते अगर थोड़ी सतर्कता बरती जाए तो इन हादसों से बचा जा सकता है।
Read Also | गर्मी के मौसम में AC का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल भी है खतरे की घंटी, करती है आपकी त्वचा को बुरी तरह प्रभावित
ठंडी की बजाए आने लगती है गर्म हवाएं
एसी में जब भी तकनीकी गड़बड़ी होती है तो वह कमरे को ठंडा करना बंद कर देता है। लंबे समय तक चलाने के बावजूद कमरे को ठंडा नहीं करता है। एसी के सामने खड़ा होने पर उसमें से ठंडी की बजाए गर्म हवाएं आती हैं। यह ओवरहीटिंग या फिर तकनीकी गड़बड़ी के संकेत हो सकते हैं। ऐसा होने पर सतर्क हो जाएं, तुरंत एसी को बंद कर दें और उसकी जांच करवाएं।
अजीब आवाजें
एसी के सिर्फ इनडोर यूनिट ही नहीं बल्कि आउटडोर यूनिट पर भी ध्यान दें। अगर एसी के आउटडोर यूनिट से खड़खड़ाहट या किसी भी प्रकार की असामान्य आवाज आ रही हो तो तुरंत एसी को बंद कर उसकी अच्छी तरह से जांच करवाएं।
जलने जैसी बदबू या धुआं
अगर एसी में ब्लास्ट होने जैसी कोई संभावना पैदा होती है तो सबसे पहले जलने जैसी बदबू का आना शुरू होगा। अगर कमरे में रबर, तार या फिर प्लास्टिक जलने जैसी दुर्गंध भर रही हो या फिर धुआं जिसकी वजह से आंखों में जलन महसूस हो रही हो तो तुरंत सतर्क हो जाएं। यह शॉर्ट सर्किट या ओवरहीटिंग के संकेत हो सकते हैं जो आगे चलकर ब्लास्ट जैसी घटनाओं में बदल सकते हैं।
Read Also | पेट्रोल-डीजल को टक्कर! दिल्ली मेट्रो की नई हाइड्रोजन बस सेवा, कितना किराया और कहां-कहां होगी उपलब्ध?
ज्यादा पानी का रिसाव
अगर एसी के अंदर से सामान्य से ज्यादा पानी का रिसाव होने लगता है तो यह भी खतरे की घंटी मानी जा सकती है। एसी से पानी के ज्यादा रिसने की वजह से वह इलेक्ट्रिकल पार्ट्स तक पहुंच सकता है जिससे शॉर्ट सर्किट की संभावनाएं भी बढ़ जाती है। साथ ही यह असामान्यता भी एसी के बिगड़ने का संकेत देती है।
MCB का बार-बार गिरना
अगर एसी के ऑन करते ही MCB बार-बार गिरने लगे तो समझ लेना चाहिए कि कुछ गड़बड़ हो रही है। यह बिजली के अधिक लोड अथवा किसी यांत्रिक गड़बड़ी का संकेत देता है। इसलिए जबरदस्ती एसी को ऑन रखने की गलती न करें। तुरंत इलेक्ट्रिशियन को बुलाकर एसी और सर्किट की अच्छी तरह से जांच करवा लें।