नई दिल्ली : हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य के निकट एक तेल टैंकर पर हुए मिसाइल हमले में लापता तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई है। केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने गुरुवार को इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों में शामिल दो नाविकों के शव बरामद कर लिए गए हैं जबकि तीसरे के संबंध में भी मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है।
सर्वानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पलाऊ के झंडे वाले जहाज पर हुई यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही मृत नाविकों के पार्थिव शरीर को भारत लाने की तैयारी भी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार अमेरिकी प्रतिबंधों की सूची में शामिल पलाऊ के पंजीकरण वाला तेल टैंकर ‘मैरीवेक्स’ हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य में अमेरिकी नाकेबंदी से बचने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान आरोप है कि अमेरिकी नौसेना की एक मिसाइल जहाज से टकरा गई जिससे उसमें भीषण आग लग गई।
हमले के बाद जहाज पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच एक नाविक ने संबंधित अधिकारियों को आपातकालीन संदेश भेजकर मदद मांगी। सोशल मीडिया पर वायरल उस संदेश में नाविक कहते हुए सुनाई देता है, “सर, मैं टैंकर मैरीवेक्स से बोल रहा हूं। जहाज में आग लग गई है और यह डूबना शुरू हो गया है।”
बताया गया है कि जहाज पर कुल 24 लोग सवार थे। इनमें से 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया जबकि तीन भारतीय नाविक लापता हो गए थे। अब केंद्र सरकार ने पुष्टि की है कि उन तीनों की इस हादसे में मौत हो चुकी है।