राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदों का दीया एक के बाद एक लगातार बुझता जा रहा है। गुरुवार (11 जून) को एक बार फिर से तृणमूल को जोरदार झटका लगा। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार टॉलीवुड एक्ट्रेस कोएल मल्लिक ने राज्यसभा सांसद के पद से इस्तीफा दे दिया है।
उनके इस्तीफे के साथ ही राज्यसभा में तृणमूल सांसदों की संख्या घटकर 9 हो गयी है। कोएल मल्लिक साल 2026 में ही तृणमूल की राज्यसभा सांसद चुनी गयी थीं। इससे पहले तक बंगाल में राज्यसभा की 16 में से 13 सीटें तृणमूल कांग्रेस के खाते में ही थी।
आज (11 जून) की सुबह राज्यसभा के सांसद पद से प्रकाश चिक बराइक ने इस्तीफा दे दिया। वह अलीपुरदुआर के प्रमुख नेता माने जाते हैं। उनके इस्तीफे के कुछ घंटों बाद ही कोएल मल्लिक के इस्तीफे की जानकारी सामने आयी।
सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि कोएल मल्लिक ने काफी पहले ही ई-मेल कर अपना इस्तीफा भेज दिया था लेकिन उपराष्ट्रपति भवन की ओर से कहा गया कि इस्तीफे की प्रक्रिया के लिए उन्हें खुद उपस्थित होना पड़ेगा।
Read Also | बंगाल में बंटा मंत्रालय: वित्त मंत्री बने स्वपन दासगुप्ता, उच्च शिक्षा मंत्री की कमान जगन्नाथ के हाथों में
बता दें, पिछले सोमवार (8 जून) को ही राज्यसभा सांसद पद से सुखेंदुशेखर राय ने इस्तीफा देने की इच्छा जतायी थी। उन्हें पद चिन्हों पर चलते हुए ही सुष्मिता देव ने इस्तीफा दे दिया। गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से ही कोएल मल्लिक के इस्तीफे की खबरें काफी फैल रही थी।
इस साल पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सांसद पद के लिए प्रत्याशियों की सूची में कोयल मल्लिक का नाम देखकर ही उनके फैंस काफी उत्साहित हो गए थे। आमतौर पर राजनीति से दूरी बनाकर चलने वाली कोएल मल्लिक को साल 2026 में तृणमूल ने राज्यसभा सांसद का प्रत्याशी घोषित किया।
उनके साथ ही राज्य के पूर्व मंत्री बाबुल सुप्रीयो, सुप्रीम कोर्ट की वकील मेनका गुरुस्वामी और राज्य पुलिस के पूर्व डीजी राजीव कुमार को भी राज्यसभा का प्रत्याशी घोषित किया गया था। अप्रैल 2026 में कोएल मल्लिक ने दिल्ली में राज्यसभा सांसद पद की शपथ ली और सूत्रों की मानें तो महज 2 महीनों के अंदर ही उन्होंने इस पद से इस्तीफा भी दे दिया।