चंडीगढ़ : पंजाब के मरिंडा के वार्ड संख्या 1 क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमले में आठ वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना बुधवार की शाम की बताई जा रही है, जब बच्ची अपने घर के पास स्थित बाजार में दूध लेने गई थी। इसी दौरान एक सुनसान सड़क पर पांच से छह आवारा कुत्तों ने उस पर अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत बचाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे चंडीगढ़ स्थित पीजीआई अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि उपचार के दौरान पीजीआई अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
इस पूरी घटना की तस्वीरें इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई हैं। फुटेज में देखा गया कि सड़क से गुजरते समय बच्ची को देखकर कुछ कुत्ते भौंकने लगे। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला है। उनका कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर कई बार प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि नगर निगम और संबंधित अधिकारियों को बार-बार सूचित करने के बावजूद आवारा कुत्तों के आतंक पर कोई नियंत्रण नहीं किया गया।