🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

अररियाः बेकाबू स्कॉर्पियो ने पहले साइकिल सवार फिर कार से टक्कर, महिला समेत 4 की मौत, 6 घायल

इस भीषण दुर्घटना में पूर्णिया के तीन निवासियों और एक स्थानीय साइकिल सवार सहित 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हैं।

By लखन भारती

Jun 10, 2026 20:19 IST

अररियाः बिहार के अररिया जिले में नेशनल हाईवे-27 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना नगर थाना क्षेत्र के कुसियार गांव स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क के पास हुई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

जानकारी के अनुसार, पूर्णिया की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सबसे पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक घबरा गया और वाहन लेकर वहां से भागने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसका वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही एक छोटी कार से जा टकराया।

स्कॉर्पियो और कार के बीच हुई भिड़ंत बेहद भीषण थी। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। साइकिल सवार समेत कुल चार लोगों ने हादसे में जान गंवाई। वहीं छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है। हादसे में जान गंवाने वालों में पूर्णिया जिले के रौटा थाना क्षेत्र के विशनपुर गांव निवासी गौतम झा, मायानंद झा और शांति देवी शामिल हैं। वहीं साइकिल सवार मृतक की पहचान अररिया के गैयारी निवासी कोनेक अख्तर के रूप में हुई है।

अररिया के ट्रैफिक डीएसपी रघुनाथ सिंह ने बताया कि स्कॉर्पियो ने पहले साइकिल सवार को टक्कर मारी, जिससे वह डिवाइडर से टकरा गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से टकरा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

Articles you may like: