नॉर्वे की फुटबॉल टीम 28 साल बाद फीफा विश्व कप में हिस्सा लेने जा रही है। टीम ने आखिरी बार 1998 में विश्व कप खेला था। लंबे इंतजार के बाद नॉर्वे ने टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई किया है और अब वह अमेरिका पहुंच चुकी है। टीम में स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड और कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड जैसे बड़े खिलाड़ी शामिल हैं।
हालांकि इस बार नॉर्वे की टीम सिर्फ अपने खिलाड़ियों की वजह से नहीं, बल्कि अपने खाने-पीने की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा में है। खिलाड़ियों को घर जैसा माहौल और पसंदीदा भोजन उपलब्ध कराने के लिए टीम अपने साथ बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री लेकर अमेरिका पहुंची है।
नॉर्वे फुटबॉल संघ के अनुसार, टीम अपने साथ करीब 300 किलो लाल मछली, 116 किलो चीज और 6000 संतरे लेकर आई है। टीम का कैंप नॉर्थ कैरोलिना के ग्रीन्सबोरो में लगाया गया है, जहां खिलाड़ी विश्व कप की तैयारियों में जुटे हैं। टूर्नामेंट से पहले टीम मोरक्को के खिलाफ एक फ्रेंडली मैच भी खेल चुकी है।
खिलाड़ियों के खानपान का विशेष ध्यान रखने के लिए दो मशहूर शेफ भी टीम के साथ अमेरिका पहुंचे हैं। इनमें एरॉन एस्पेलैंड और एरिक टफ्टे शामिल हैं। एरॉन एस्पेलैंड ने 2020 में प्रतिष्ठित कलिनरी ओलंपिक्स में नॉर्वे के लिए गोल्ड मेडल जीता था। दोनों शेफ यह सुनिश्चित करेंगे कि खिलाड़ियों को बेहतरीन नॉर्वेजियन सामग्री से तैयार भोजन मिले।
एरॉन एस्पेलैंड ने नॉर्वे की मीडिया से बातचीत में कहा कि टीम हमेशा वही भोजन पसंद करती है, जो उसके देश की बेहतरीन सामग्री से तैयार किया गया हो। उन्होंने बताया कि अमेरिका तक इतनी बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन खिलाड़ियों को परिचित स्वाद और बेहतर पोषण देने के लिए यह जरूरी था। टीम को उम्मीद है कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ी लगभग 300 किलो मछली का सेवन करेंगे।
विश्व कप 2026 में नॉर्वे को ग्रुप आई में रखा गया है। इस ग्रुप में फ्रांस, सेनेगल और इराक भी शामिल हैं। नॉर्वे अपना पहला मैच 16 जून को इराक के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 22 जून को उसका मुकाबला सेनेगल और 26 जून को फ्रांस से होगा।