🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

भारतीय स्पिनर मानव सुथार को मिला वारविकशायर का साथ, काउंटी क्रिकेट में करेंगे कमाल

वारविकशायर के लिए काउंटी चैंपियनशिप के दो मैच खेलेंगे।

By शिखा सिंह

Jun 10, 2026 18:41 IST

लंदन : भारत के युवा बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज मानव सुथार को इंग्लैंड की प्रतिष्ठित काउंटी टीम वारविकशायर काउंटी क्रिकेट क्लब ने अल्पकालिक अनुबंध पर अपने साथ जोड़ा है। इस समझौते के तहत वह काउंटी चैंपियनशिप के आगामी दो दौर के मुकाबलों में टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।

23 वर्षीय मानव सुथार ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारत के लिए पदार्पण किया था। उन्होंने अपने पहले ही टेस्ट में शानदार प्रदर्शन कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दमदार छाप छोड़ी। पहली पारी में उन्होंने 33 रन देकर 6 विकेट हासिल किए, जबकि दूसरी पारी में 29 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।

टेस्ट पदार्पण से पहले भी मानव सुथार घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन करते रहे हैं। उन्होंने 29 प्रथम श्रेणी मैचों में कुल 129 विकेट हासिल किए हैं, जिसके दम पर उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली।

वारविकशायर के प्रदर्शन निदेशक जेम्स थॉमस ने मानव सुथार के टीम से जुड़ने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “हम मानव का बेयर्स टीम में स्वागत करते हुए बेहद प्रसन्न हैं। यह टीम के लिए एक रोमांचक समय है। इस सीजन में हमने लाल गेंद के क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है और मानव हमारी गेंदबाजी आक्रमण में एक नया आयाम जोड़ेंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि भारत की टेस्ट टीम में हाल ही में उनके चयन से यह स्पष्ट होता है कि भारतीय क्रिकेट में उन्हें कितनी ऊंची रेटिंग दी जाती है। ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी का हमारे समूह का हिस्सा बनना हमारे लिए बेहद उत्साहजनक है।

वहीं वारविकशायर से जुड़ने पर मानव सुथार ने भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा- “काउंटी चैंपियनशिप के अगले दो मुकाबलों के लिए वारविकशायर से जुड़ना मेरे लिए बेहद रोमांचक अवसर है। टीम ने इस सीजन की शानदार शुरुआत की है और मुझे उम्मीद है कि मैं खिताब की दौड़ में टीम की मदद करने में अपनी भूमिका निभा सकूंगा।”

मानव सुथार 12 जून से 15 जून तक स्कारबोरो में खेले जाने वाले वारविकशायर और यॉर्कशायर के मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके बाद वह अगले सप्ताह टॉनटन में होने वाले वारविकशायर और समरसेट के बीच मैच में भी टीम का हिस्सा होंगे।

भारतीय क्रिकेट में तेजी से उभर रहे इस युवा स्पिनर के लिए काउंटी क्रिकेट का यह अनुभव बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इंग्लैंड की परिस्थितियों में खेलने से उन्हें अपने खेल को और निखारने का अवसर मिलेगा, जिसका फायदा भविष्य में भारतीय टीम को भी मिल सकता है।

Articles you may like: