गर्मियों की शुरुआत होते ही लोग फ्रिज के ठंडे पानी के बजाए मिट्टी के मटके में रखे नेचुरल ठंडे को पीना ज्यादा पसंद करते हैं। यह पानी न सिर्फ शरीर को अंदर से तरोताजा करता है बल्कि इसमें प्राकृतिक रूप से भी कई आवश्यक खनीज पदार्थ मिले होते हैं जो स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभदायक हैं।
हालांकि शहरों में मिट्टी के मटकों की जगह पर अब मिट्टी के बोतलों के इस्तेमाल का प्रचलन भी बढ़ता जा रहा है। अगर आप भी मिट्टी के बोतलों में पानी रखते हैं तो उसे नियमित अंतराल पर जरूर साफ करते रहे। इससे पानी भी ठंडा होता रहेगा और बोतल के अंदर गंदगी, काई या फिर किसी प्रकार के कीड़े के पनपने की संभावना भी नहीं रहेगी। साथ ही समय के साथ-साथ बोतलों से आने वाली बदबू भी दूर हो जाती है।
लेकिन मिट्टी के मटके या फिर बोतलों को साफ करने के लिए कभी भी लिक्विड या फिर डिटर्जेंट पाउडर का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। आइए आपको बताते हैं कि कैसे बिना ज्यादा मेहनत किए ही मिट्टी की बोतलों और मटकों की सफाई कैसे कर सकेंगे!
Read Also | घर में खत्म हो गया LPG सिलेंडर? किचन में रखें ऐसी मशीनें जिनसे पका सकेंगी स्वादिष्ट व हेल्दी भोजन
गर्म पानी है सबसे सुरक्षित तरीका
मिट्टी के मटकों या फिर बोतलों को साफ करने के लिए गर्म पानी सबसे सुरक्षित विकल्प है। गर्म पानी से न तो मिट्टी की बोतल को कोई नुकसान होगा और यह बोतल को अच्छी तरह से साफ भी कर देगी।
मिट्टी की बोतल में गर्म पानी भरकर कम से कम 20 से 25 मिनट के लिए उसे यूं ही छोड़ दे। इसके बाद उस पानी को फेंक कर एक बार ठंडे और साफ पानी से दोबारा धो लें। बस आपकी बोतल फिर से इस्तेमाल के लिए पूरी तरह से तैयार है।
बेकिंग सोडा
घर में कई सामानों की सफाई के लिए हम बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करते हैं। मिट्टी के बोतलों को साफ करने के लिए भी आप बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकते हैं।
बेकिंग सोडा को थोड़े से पानी में घोलकर बोतल के अंदर डालें। फिर किसी बॉटल क्लिनिंग ब्रश की मदद से इसे अच्छी तरह से घुमाकर साफ कर लें। अब थोड़ी देर के लिए इसे ऐसे ही छोड़ दें। आप चाहे तो इसमें गर्म पानी डालकर भी छोड़ सकते हैं। कुछ देर बाद बोतल को अच्छी तरह से ठंडे पानी से धो लें।
Read Also | आईने या कांच के शोकेस पर काले धब्बे, सामान्य क्लीनर से साफ नहीं हो रहे? क्या करें?
नमक
मिट्टी के बर्तनों को साफ करने में नमक का इस्तेमाल बहुत अच्छा माना जाता है। हल्के गुनगुने पानी में थोड़ा सा नमक घोल लें और इसे बोतल में डालकर अच्छी तरह से हिला लें। इससे नमक की एक परत बोतल के अंदर हर तरफ लग जाएगी। अब करीब 30 मिनट के लिए बोतल को ऐसे ही रख दें।
इसके बाद नमक वाले पानी को फेंक दें और बोतल को साफ पानी से 2-3 बार अच्छी तरह से धो लें। इससे न सिर्फ बोतल साफ हो जाएगी बल्कि यह बोतल के अंदर के छिद्रों को भी खोल देता है जिससे पानी फिर से ठंडा होना शुरू हो जाता है।