उत्तर प्रदेश के एक नाबालिग को जम्मू-कश्मीर ले जाकर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। राज्य की पुलिस बिजनौर जिले के इस नाबालिग को जम्मु कश्मीर से से सुरक्षित वापस लेकर आयी है। इस घटना को लेकर दोनों राज्यों के प्रशासनिक स्तर पर भारी हलचल मच गई है।
इस बारे में बिजनौर पुलिस के सुपर अभिषेक झा ने बताया कि 18 मई (सोमवार) को नाबालिग के पिता ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी और धर्म परिवर्तन कराने की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच में पता चला कि अक्टूबर 2023 में वसीम नामक एक व्यक्ति उस नाबालिग को सैलून का काम सिखाने और अच्छी कमाई का लालच देकर जम्मु और कश्मीर ले गया था। बाद में वह बारामूला और कुपवाड़ा इलाके में काम कर रहा था।
आरोप है कि जम्मु और कश्मीर में उस नाबालिग को लगातार धमकियां दी गईं। इसके बाद 15 मई को कुपवाड़ा के एक मस्जिद में ले जाकर उसे जबरन इस्लाम धर्म में धर्मांतरित कराया गया। धर्म परिवर्तन के बाद उसका नाम बदलकर ‘हमजा’ रख दिया गया। हाल ही में इस कथित धर्मांतरण से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ जिसके बाद नाबालिग के परिवार को इस घटना की जानकारी मिली।
इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस से संपर्क कर सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले के सामने आते ही उत्तर प्रदेश की पुलिस सक्रिय हो गई। जम्मु-कश्मीर पुलिस के सहयोग से संयुक्त तलाशी अभियान चलाकर नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया गया।
उत्तर प्रदेश की पुलिस ने बताया है कि फिलहाल नाबालिग से पूछताछ की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रशासन ने कहा है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।