झाड़ियों से मिली कुछ ऐसी रहस्यमय वस्तु जिसकी वजह से आसपास के इलाके में मच गया हंगामा। लोहे का लंबा दंड जिसे देखकर पुराने जमाने का हैंड कैनन अथवा हाथ से चलाया जाने वाला तोप लग रहा हो।
लेकिन हुगली के गोघाट इलाके में अचानक ये लोहे के लंबे खंभेनुमा दंड कहां से आएं? पुलिस ने इन रहस्यमय वस्तुओं को बरामद करइस मामले में जांच शुरू कर दी है।
घटना हुगली के गोघाट - 2 ब्लॉक के पश्चिमपाड़ा ग्राम पंचायत के अंतर्गत झरिया ग्राम की बतायी जाती है जहां पोल्ट्री फार्म के बगल में झाड़ियों से इन्हें बरामद किया गया है। बरामद वस्तुओं का आकार देखकर ग्रामीणों ने बताया कि ये पुराने समय के हैंड कैनन या हाथ से चलाए जाने वाले तोप (हैंड तोप) हो सकते हैं। बताया गया कि इन्हें युद्ध में इस्तेमाल किया जाता था।
Read Also | मरीजों को "मेन्टली हेल्दी” रखने के लिए फूलों का बगीचा, हॉस्पिटल की एक नई पहल
जिस स्थान से ये वस्तुएं बरामद हुईं, वहीं स्थानीय लोगों को कुछ छोटे गोले (गोलाकार विस्फोटक वस्तुएं) जैसी आकृतियां भी मिलीं। कुछ ग्रामीणों का दावा है कि स्थानीय तृणमूल कांग्रेस से जुड़े लोगों ने इन हथियारों को इकट्ठा किया होगा। उनका आरोप है कि कुछ हथियारों को मौके का फायदा उठाकर हटा दिए गए जबकि कुछ को गड्ढों में दबाकर छिपाकर रखा गया था।
एक ग्रामीण ने आरोप लगाते हुए कहा कि इन्होंने चुनाव से पहले हथियार जमा किए थे। चुनाव जीतने के बाद इलाके में आतंक और हमले करने के लिए इन्हें इकट्ठा किया गया होगा। हालांकि पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट रूप से नहीं बताया है कि उन वस्तुओं को किन लोगों ने या क्यों वहां रखा था। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी भी नहीं हुई थी।