🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

रेलवे सुरक्षा में तकनीकी क्रांति, डिजिटल निगरानी से सुरक्षित होगा रेल नेटवर्क

रेल मंत्रालय की सुरक्षा समीक्षा बैठक में एआई आधारित निगरानी, साइबर सुरक्षा और इंटेलिजेंस सिस्टम को मजबूत करने पर जोर, यात्रियों से सतर्क रहने की अपील।

By श्वेता सिंह

May 21, 2026 19:09 IST

नई दिल्लीः नई दिल्ली में रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बड़े तकनीकी बदलावों की शुरुआत की है। अब ट्रेनों, स्टेशनों, यात्रियों और पूरे रेल नेटवर्क पर नजर रखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन और सीसीटीवी जैसी आधुनिक तकनीकों का व्यापक इस्तेमाल किया जाएगा। यह पूरा अभियान मिशन मोड में चलाया जा रहा है, जिसमें रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाने की व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा रहा है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

रेल भवन, नई दिल्ली में गुरुवार को एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की। बैठक में रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और रवनीत सिंह बिट्टू सहित रेलवे बोर्ड के चेयरमैन और देशभर के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में रेलवे नेटवर्क की सुरक्षा स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई और भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में यह भी सामने आया कि हाल के दिनों में हुई कुछ घटनाओं, जिनमें आग लगने की घटनाएं शामिल हैं, की प्रारंभिक जांच में असामाजिक तत्वों की भूमिका सामने आई है। रेलवे ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को जांच में सक्रिय रूप से लगाया है। कई मामलों में समय रहते की गई कार्रवाई से बड़े हादसे टाल दिए गए।

रेल मंत्रालय ने साफ किया कि केवल तकनीक ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सतर्कता भी सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा है। इसी कारण यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा के दौरान या स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को नजरअंदाज न करें और तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें।

समीक्षा बैठक में खुफिया जानकारी जुटाने की प्रणाली को और मजबूत करने, रिपोर्टिंग व्यवस्था को तेज करने और रेलवे सुरक्षा ढांचे को अधिक सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही पूरे रेल नेटवर्क में सीसीटीवी कवरेज बढ़ाने, कैमरों की गुणवत्ता सुधारने और एआई आधारित निगरानी प्रणाली को और उन्नत करने की योजना पर चर्चा हुई।

इसके अलावा साइबर सुरक्षा को मजबूत करने, रेलवे बोर्ड और क्षेत्रीय जोनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के बीच सूचना साझा करने की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर भी सहमति बनी, ताकि रेल नेटवर्क को हर स्तर पर सुरक्षित और मजबूत बनाया जा सके।

Articles you may like: