नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी की बंगाल में मिली जीत के पीछे अहम भूमिका निभाने वाले नेताओं के सम्मान में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विशेष अभिनंदन समारोह का आयोजन किया। सोमवार रात उनके सरकारी आवास पर विजय उत्सव और रात्रिभोज रखा गया, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
कार्यक्रम में भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल, भाजपा नेता देवेंद्र भारद्वाज तथा प्रवीण गौतम समेत शीर्ष नेताओं को मुख्यमंत्री ने अलग से बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की।
रेखा गुप्ता ने कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेताओं ने महीनों तक बंगाल में रहकर जिस तरह संगठन को मजबूत किया और तृणमूल कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर किया, वह राजनीतिक दृष्टि से सीखने योग्य उदाहरण है। उन्होंने कहा, “बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी है।”
अगले वर्ष पंजाब विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी संदर्भ में मुख्यमंत्री ने उपस्थित नेताओं से कहा कि “पंचनद की धरती पर परिवर्तन और वापसी की लड़ाई में भी बंगाल की तरह पूरी ताकत के साथ मैदान में डटे रहना होगा और जीत सुनिश्चित करनी होगी।”
समारोह में सुनील बंसल ने कहा कि बंगाल में मिली बड़ी सफलता टीमवर्क, संगठनात्मक एकजुटता और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इस अभियान में दिल्ली की मुख्यमंत्री की सक्रिय भूमिका का भी उल्लेख किया। वहीं देवेंद्र भारद्वाज और प्रवीण गौतम ने भी बंगाल चुनाव अभियान में रेखा गुप्ता की भागीदारी के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रमों के बावजूद रेखा गुप्ता कई बार दिल्ली से बंगाल गईं और लगातार जनसभाओं में हिस्सा लेकर पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का काम किया।