चंडीगढ़ः पंजाब के लुधियाना से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने म्यूजिक इंडस्ट्री के साथ‑साथ पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशइंदर कौर, जिन्हें 6 दिन पहले गन प्वाइंट पर अगवा किया गया था, की हत्या कर दी गई। उनका शव एक नहर से बरामद हुआ है।
नहर से मिली लाश, परिवार में मातम
मृतका की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समराला सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
राशन लेने निकली थी, फिर नहीं लौटी
मृतका के भाई जोतइंदर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 13 मई की रात करीब 8:30 बजे इंदर कौर अपनी फोर्ड फिगो कार में बाजार से राशन लेने निकली थीं, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटीं। परिवार ने खुद तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
जबरन शादी के लिए बना रहा था दबाव
परिवार के मुताबिक, उन्हें मोगा के गांव भलूर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पर शक हुआ, जो इंदर कौर पर जबरन शादी के लिए दबाव बना रहा था। इंदर कौर ने शादी से इनकार कर दिया था, जिसके बाद आरोपी ने रंजिश पाल ली।
कनाडा से आया, अपहरण कर हत्या का आरोप
आरोप है कि मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह खास तौर पर कनाडा से पंजाब आया था। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में इंदर कौर को घेर लिया और पिस्तौल की नोक पर अगवा कर लिया। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को नीलो नहर में फेंक दिया गया। वारदात के बाद आरोपी फिर से कनाडा फरार हो गया।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि 15 मई को ही सुखविंदर सिंह और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी गई थी, लेकिन समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
क्या कहती है पुलिस ?
थाना जमालपुर के एसएचओ बलबीर सिंह ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।