राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की घटना से फैली दहशत अभी थमी भी नहीं थी कि सोमवार सुबह एक और ट्रेन में आग लग गई। यह हादसा भभुआ-सासाराम-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस में हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिहार के रोहतास जिले में स्थित सासाराम जंक्शन रेलवे स्टेशन पर खड़ी पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन के एक डिब्बे में सोमवार सुबह अचानक आग लग गई। रेलवे सूत्रों के मुताबिक आग में एक कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गया जबकि दूसरा कोच भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह सासाराम-पटना ट्रेन सासाराम जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर खड़ी थी। उसी दौरान ट्रेन में अचानक आग भड़क उठी।
घटना के बाद स्टेशन पर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही बोगी में मौजूद यात्री भी घबराकर तुरंत ट्रेन से उतर गए। हालांकि राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
Read Also | राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग, दिल्ली-मुंबई रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रुकी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सबसे पहले कोच के अंदर से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद कुछ ही पलों में आग तेजी से फैल गई। प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। यात्री अपनी जान बचाने के लिए जल्दी-जल्दी ट्रेन से उतरकर भागने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे कर्मचारी और आरपीएफ जवान तुरंत मौके पर पहुंचे।
Sasaram, Bihar - A major fire broke out in one of the passenger coaches of the Patna Fast Passenger Train at Sasaram railway station on Platform No. 6, completely gutting the coach in a dramatic incident that could have turned tragic pic.twitter.com/9A2Nt4Yzfp
— NextMinute News (@nextminutenews7) May 18, 2026
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जलते हुए कोच से निकलकर आसमान में फैल रहा घना काला धुआं स्पष्ट नजर आ रहा है। आग की गर्मी इतनी ज्यादा थी कि रेलवे लाइन के किनारे मौजूद कुछ पेड़ों में भी आग लग गई।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। हालांकि अग्निकांड के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। आग लगने के बाद क्षतिग्रस्त कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया। दमकल कर्मियों और रेलवे कर्मचारियों की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया।
इस घटना में अब तक किसी के हताहत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली है। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यात्रियों को तेजी से बाहर निकाल लेने की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया।
गौरतलब है कि इससे ठीक एक दिन पहले रतलाम में तिरुवनंतपुरम-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी कोच में भी आग लग गई थी। उस घटना में भी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया था। लगातार दो दिनों में दो ट्रेनों में आग लगने की घटनाओं ने भारतीय रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर नए सिरे से सवाल खड़े कर दिए हैं।