🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

पोक्सो केस में केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार का बेटा बंडी भागीरथ गिरफ्तार

17 वर्षीय लड़की की शिकायत पर दर्ज हुआ था केस, पुलिस ने जारी किया था लुकआउट सर्कुलर।

By श्वेता सिंह

May 16, 2026 23:51 IST

हैदराबादः हैदराबाद में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार के बेटे भागीरथ को पोक्सो मामले में शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की तलाश के लिए कई राज्यों में टीमें भेजी गई थीं।

इससे पहले साइबराबाद पुलिस ने भागीरथ के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था। गिरफ्तारी से पहले पीड़िता और उसकी मां के बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए गए।

पीड़ित लड़की की मां ने दर्ज कराई थी शिकायत

यह मामला 8 मई को दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि भागीरथ 17 वर्षीय लड़की के संपर्क में था और उसने उसका यौन उत्पीड़न किया।

पुलिस ने बीएनएस और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। बाद में पीड़िता का बयान दर्ज होने के बाद पोक्सो कानून की और सख्त धाराएं जोड़ी गईं।

हाईकोर्ट ने नहीं दी गिरफ्तारी से राहत

तेलंगाना हाईकोर्ट ने शुक्रवार को भागीरथ को गिरफ्तारी से अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था। अदालत ने कहा कि फिलहाल किसी तरह का संरक्षण देने के पक्ष में नहीं है। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी और शनिवार रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

बंडी संजय ने प्रतिक्रिया दी

केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने कहा कि उन्होंने अपने बेटे को कानून का सम्मान करते हुए जांच में सहयोग करने की सलाह दी थी।

उन्होंने दावा किया कि भागीरथ ने अपने पक्ष में कुछ सबूत वकीलों को दिए थे और कानूनी राय के चलते उसे उम्मीद थी कि उसे राहत मिल जाएगी।

भागीरथ ने भी दर्ज कराई पलट शिकायत

भागीरथ ने लड़की और उसके परिवार पर पलट आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि उस पर शादी का दबाव बनाया गया और मना करने पर पैसों की मांग की गई।

उसका दावा है कि उसने डर के कारण लड़की के पिता को 50 हजार रुपये दिए थे, लेकिन बाद में उससे 5 करोड़ रुपये मांगे गए।

मामले पर राजनीति भी तेज

तेलंगाना रक्षणा सेना की प्रमुख के. कविता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर बंदी संजय कुमार को केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की है।

मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के निर्देश पर मामले की निगरानी आईपीएस अधिकारी रितिराज को सौंपी गई है।

Articles you may like: