नई दिल्लीः दिल्ली के शाहदरा इलाके की बिहारी कॉलोनी स्थित एमसीडी पार्किंग में शुक्रवार शाम भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार आग की सूचना शाम 4:57 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत चार दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। अधिकारियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि घने काले धुएं के साथ पूरे पार्किंग क्षेत्र में फैल गई और कई वाहन इसकी चपेट में आ गए। देखते ही देखते एक वाहन से दूसरे वाहन तक आग फैलती चली गई।
10 कारें और 2 स्कूटर जलकर खाक
दमकल विभाग ने पुष्टि की है कि इस घटना में कम से कम 10 कारें और 2 स्कूटर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। फायरफाइटर्स ने लंबे समय तक प्रयास कर आग पर काबू पाया, हालांकि देर शाम तक कूलिंग ऑपरेशन जारी रहा ताकि दोबारा आग न भड़के।
इलाके में दहशत, लेकिन कोई जनहानि नहीं
आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। तेज लपटों और धुएं के गुबार से पूरा इलाका प्रभावित हुआ, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर भीड़ को नियंत्रित किया। दमकल और पुलिस की संयुक्त टीम ने राहत और बचाव कार्य संभाला। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें पार्किंग में खड़े वाहन आग की लपटों में घिरे दिखाई दे रहे हैं और आसमान में घना धुआं उठता नजर आ रहा है। कुछ वीडियो में आग से तेज आवाजें भी सुनी गईं।