नई दिल्ली : दिल्ली कैपिटल्स ने शुक्रवार को अरुण जेटली स्टेडियम में अपने आधिकारिक फैन समुदाय ‘डीसी टोली’ के साथ एक विशेष फैन फोरम का आयोजन किया।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ढोल-नगाड़ों, नारों, संगीत और डांस प्रस्तुतियों के बीच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। टीम के कप्तान अक्षर पटेल, केएल राहुल, ट्रिस्टन स्टब्स, नीतीश राणा, लुंगी एनगिडी और माधव तिवारी ने प्रशंसकों के साथ पूरा समय बिताया और उनसे खुलकर बातचीत की।
फैन फोरम में रैप परफॉर्मेंस, प्रशंसकों के सवाल-जवाब, हल्के-फुल्के मजाक, फोटो सेशन और कई यादगार पल देखने को मिले। खिलाड़ियों और ‘डीसी टोली’ के बीच यह बातचीत बेहद आत्मीय माहौल में हुई।
खिलाड़ियों ने प्रशंसकों के साथ सीधे जुड़कर उनकी व्यक्तिगत कहानियां, संदेश, कविताएं और पूरे सीजन के अनुभव भी सुने। इस कार्यक्रम ने फैंस को मैच के बाहर खिलाड़ियों से करीब से जुड़ने का अवसर दिया।
इस दौरान कप्तान अक्षर पटेल ने पूरे सीजन में लगातार समर्थन देने के लिए प्रशंसकों का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि हम हर साल डीसी टोली के साथ होने वाले फैन फोरम का काफी आनंद लेते हैं। परिस्थिति चाहे जैसी भी हो आप लोग हमेशा हमारा समर्थन करते हैं। जब हम मुश्किल दौर में होते हैं तब भी आप लोगों को हमारे लिए नारे लगाते और गाते हुए देखते हैं। आपके लगातार प्यार और समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।
वहीं नीतीश राणा ने भी खिलाड़ियों और प्रशंसकों के रिश्ते पर अपने अनुभव साझा किए।
उन्होंने कहा कि यहां आना मेरे लिए बेहद खास है क्योंकि मैं शुरू से ही दिल्ली का फैन रहा हूं। आईपीएल के शुरुआती दो सीजन में मैं कोटला स्टेडियम में एक दर्शक के रूप में मैच देखने आता था। मुझे आज भी याद है कि अक्षय कुमार रस्सियों के सहारे एंट्री करते थे।
नीतीश राणा ने आगे कहा कि उस समय मैं क्रिकेट खेलता जरूर था लेकिन मुझे नहीं पता था कि कभी आईपीएल खेलने का मौका मिलेगा या नहीं। आज मैं यहां एक क्रिकेटर के रूप में बैठा हूं लेकिन अगर खिलाड़ी नहीं बनता तो शायद डीसी टोली के बीच ही बैठा होता क्योंकि मैं हमेशा से दिल्ली का फैन रहा हूं। मेरा जन्म और पालन-पोषण दिल्ली में ही हुआ है।
पिछले कुछ वर्षों में यह वार्षिक फैन फोरम दिल्ली कैपिटल्स और उसके समर्थकों के बीच संबंध मजबूत करने का अहम हिस्सा बन गया है। यह पहल टीम और उसके प्रशंसकों को एक साथ लाकर पूरे सीजन के सफर का जश्न मनाने का अवसर देती है।
अगर आईपीएल 2026 की बात करें तो दिल्ली कैपिटल्स की टीम फिलहाल प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने के कगार पर खड़ी है। टीम ने 12 मैचों में केवल 10 अंक हासिल किए हैं। अब उसके अभियान में दो मुकाबले बाकी हैं और टीम अगले सीजन के लिए सकारात्मक लय हासिल करने के उद्देश्य से बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश करेगी।