लखनऊ : आईपीएल 2026 के मौजूदा सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की दौड़ से काफी पहले बाहर हो चुकी है। टीम अंक तालिका में निचले पायदान पर मौजूद है। ऐसे माहौल में शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स पर मिली जीत ने लखनऊ के समर्थकों के चेहरे पर कुछ समय के लिए मुस्कान जरूर ला दी लेकिन यह खुशी ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी।
आईपीएल नियमों के उल्लंघन के मामले में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ऋषभ पंत पर कड़ी कार्रवाई की है। उन्हें 12 लाख रुपये का जुर्माना भरने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही वह उन कप्तानों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन पर इस सीजन में स्लो ओवर रेट के कारण जुर्माना लगाया गया है।
शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने सात विकेट से जीत हासिल की। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम ने 20 गेंद शेष रहते ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत में मिचेल मार्श ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 90 रन बनाए और टीम को शानदार जीत दिलाई।
वहीं गेंदबाजी में आकाश सिंह ने तीन विकेट लेकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। हालांकि टीम की जीत के बावजूद कप्तान ऋषभ पंत को स्लो ओवर रेट के कारण दंडित किया गया।
बीसीसीआई इस सीजन में हर मैच को निर्धारित साढ़े तीन घंटे के भीतर समाप्त कराने को लेकर बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है। यदि कोई टीम तय समय के भीतर अपने ओवर पूरे नहीं कर पाती तो कप्तान पर जुर्माना लगाया जा रहा है।
इस सीजन में श्रेयस अय्यर दो बार इस सजा का सामना कर चुके हैं। इसके अलावा अजिंक्य रहाणे, शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड़, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल पर भी स्लो ओवर रेट के चलते जुर्माना लगाया जा चुका है।
अब ऋषभ पंत का नाम भी इस सूची में जुड़ गया है। इसका मतलब यह है कि आईपीएल की 10 टीमों में से सात टीमों के कप्तानों को इस सीजन में स्लो ओवर रेट के कारण दंड भुगतना पड़ा है।