कोलकाताः इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का 60वां मुकाबला आज 16 May 2026 भारतीय समयानुसार शाम साढ़े सात बजे खेला जाएगा। इस मैच में कोलकाता नाईट राइडर्स और गुजरात टाइटंस टीमों की टक्कर होने वाली है। मुकाबले का आयोजन कोलकाता के बहुचर्चित ईडन गार्डन्स क्रिकेट स्टेडियम में होगा। आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स अपने 11 मैचों में से 6 मैच हार चुकी है, जबकि सिर्फ 4 मैचों में उसे जीत मिली है। वहीं एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला है। जबकि गुजरात टाइटंस की टीम ने अपने 12 में से 8 मुकाबले जीते हैं, जबकि 4 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। यहां हम जानेंगे आज होने वाले कोलकाता-गुजरात मैच की पिच रिपोर्ट और इस मैदान से जुड़े खास व दिलचस्प आंकड़े।
IPL 2026, KKR vs LSG Pitch Report:
आईपीएल के 19वें सीजन का 60वां मुकाबला कोलकाता नाईट राइडर्स और गुजरात टाइटंस (Kolkata Knight Riders vs Gujarat Titans) के बीच कोलकाता के बहुचर्चित ईडन गार्डन्स क्रिकेट स्टेडियम (Eden Gardens Cricket Stadium Kolkata) में 16 मई 2026 दिन शनिवार को खेला जाएगा। इस मुकाबले में कोलकाता नाईट राइडर्स की टीम अपने 11 में से 6 मुकाबले हारकर (एक मैच बारिश की वजह से बेनतीजा) उतरने वाली है, वहीं गुजरात टाइटंस की टीम अपने 12 में से 8 मुकाबला जीतकर यहां पहुंची है। इस मुकाबले में कोलकाता की कप्तानी जहां एक बार फिर आजिंक्य (Ajinkya Rahane) करेंगे। वहीं गुजरात की कप्तानी शुभमन गिल (Shubman Gill) करते नजर आएंगे। ऐसी स्थिति में कोलकाता नाईट राइडर्स इस मैच को जीतकर चाहेगी कि प्लेऑफ में उसकी उम्मीद बनी रहे। वहीं गुजरात की टीम चाहेगी कि पिछले मैच की तरह ही इस मैच में भी वह अपनी जीत का सिलसिला बरकरार रखे।
केकेआर को हर हाल में चाहिए जीत
केकेआर के लिए यह मैच बहुत अहम है, क्योंकि प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखने के लिए उसे हर हाल में जीत चाहिए। दूसरी ओर गुजरात की नजर टॉप-2 में जगह पक्की करने पर है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर का प्रदर्शन इस सीजन में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। टीम को पहली जीत हासिल करने के लिए सातवें मैच तक इंतजार करना पड़ा। शुरुआत में टीम सही संयोजन बनाने में संघर्ष करती रही। हालांकि बाद में केकेआर ने लगातार चार मैच जीते, लेकिन पिछले मुकाबले में बेंगलुरु के खिलाफ विराट कोहली के शतक की वजह से हार झेलनी पड़ी। अब केकेआर के पास सिर्फ तीन मैच बचे हैं। अगर टीम तीनों जीत भी जाती है, तब भी प्लेऑफ में पहुंचना पूरी तरह उसके हाथ में नहीं होगा और उसे दूसरे नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। एक और हार उसकी उम्मीदों को लगभग खत्म कर सकती है।
कोलकाता नाईट राइडर्स बनाम गुजरात टाइटंस हेड-टू-हेड के आंकड़े
कोलकाता नाईट राइडर्स और गुजरात टाइटंस की टीमें अब तक आईपीएल इतिहास में 6 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से एक मुकाबला केकेआर ने जीता है, जबकि 4 मैचों में गुजरात की टीम विजयी हुई है। जबकि दोनों के बीच एक मैच का कोई रिजल्ट नहीं निकला है। इन दोनों टीमों के बीच इसी सीजन एक मैच खेला जा चुका है, जिसमें 17 अप्रैल 2026 को गुजरात को जीत मिली है। गुजरात टाइटंस 12 मैचों में 16 अंक लेकर पाॅइंट्स टेबल में इस समय दूसरे स्थान पर है। वहीं, केकेआर की टीम 11 मैचों के बाद 9 अंक लेकर 8वें पायदान पर मौजूद है।
कोलकाता की पिच रिपोर्ट
आज दोनों टीमों के बीच होने वाला मुकाबला कोलकाता के बहुचर्चित ईडन गार्डन्स क्रिकेट स्टेडियम में होने जा रहा है। ईडन गार्डन्स क्रिकेट स्टेडियम पर टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद करती है। इस स्टेडियम पर टी20 में पहली इनिंग का औसत स्कोर 163 रन रहा है। ईडन गार्डन स्टेडियम में काली मिट्टी की पिच बनाई गई है। यह पिच बल्लेबाजों को काफी रास आती है। हालांकि, खेल की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को यहां थोड़ी मदद मिलती है। इसके बाद पिच पर स्पिनर्स हावी होने लगते हैं। अगर एक बार बल्लेबाज की निगाह यहां जम गई तो वह बड़ी आसानी से लंबे-लंबे शॉट्स लगा सकते हैं।
कोलकाता और गुजरात के किन खिलाड़ियों पर होंगी निगाहें ?
केकेआर के फैंस कप्तान आजिंक्य रहाणे, सुनील नारायण, वरुण चक्रवर्ती, उपकप्तान रिंकू सिंह, युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे होंगे। वहीं गुजरात की सफलता में उसके गेंदबाजों का बड़ा हाथ रहा है। गुजरात के फैंस कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, जेसन होल्डर, राशिद खान से अच्छी गेंदबाजी की उम्मीद में होंगे। वहीं बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन, वाशिंगटन सुंदर से एक बार फिर जबरदस्त प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे होंगे।
कोलकाता नाइट राइडर्स की की टीम
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रिंकू सिंह, अंगकृष रघुवंशी, मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, राहुल त्रिपाठी, फिन एलन, तेजस्वी सिंह, टिम सीफर्ट, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, रमनदीप सिंह, कैमरन ग्रीन, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रवींद्र, नवदीप सैनी, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, मथीशा पथिराना, कार्तिक त्यागी, आकाश दीप, वरुण चक्रवर्ती, प्रशांत सोलंकी।
गुजरात टाइटंस की टीम
शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत, अरशद खान, अशोक शर्मा, जोस बटलर, कॉनर एस्टरहुइज़न, गुरनूर बरार, जेसन होल्डर, कुलवंत खेजरोलिया, कुमार कुशाग्र, मोहम्मद सिराज, ग्लेन फिलिप्स, प्रसिद्ध कृष्णा, कैगिसो रबाडा, राशिद खान, साई किशोर, साई सुदर्शन, शाहरुख खान, इशांत शर्मा, निशांत सिंधु, मानव सुथार, राहुल तेवतिया, वाशिंगटन सुंदर, ल्यूक वुड, जयन्त यादव।