पटुमवान : दो बार के पूर्व चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने एक बार फिर थाईलैंड ओपन के फाइनल में जगह बना ली है। पिछले साल इस टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेने वाली भारतीय जोड़ी ने शनिवार को थाईलैंड के निमीबुत्र स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मलेशिया के गोह स्जे फी और नूर इज्जुद्दीन को 19-21, 22-20, 21-16 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
बीएआई मीडिया की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मुकाबले के पहले गेम में मलेशियाई जोड़ी ने शानदार शुरुआत की। 7-7 की बराबरी के बाद उन्होंने लगातार अंक जुटाते हुए 15-9 की बढ़त बना ली। हालांकि सात्विक और चिराग ने बाद के चरणों में अंतर कम करने की कोशिश की लेकिन मलेशियाई जोड़ी ने दबाव बनाए रखते हुए पहला गेम 21-19 से अपने नाम कर लिया।
दूसरा गेम बेहद रोमांचक रहा जहां दोनों जोड़ियों के बीच हर अंक के लिए कड़ी टक्कर देखने को मिली। भारतीय जोड़ी ने 20-18 की बढ़त के साथ गेम प्वाइंट हासिल कर लिया था।
लेकिन गोह-नूर की जोड़ी ने हार नहीं मानी और लगातार दो गेम प्वाइंट बचाकर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बावजूद सात्विक और चिराग ने शानदार संयम दिखाते हुए दूसरा गेम 22-20 से जीत लिया और मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।
2019 और 2024 में थाईलैंड ओपन का खिताब जीतने वाली भारतीय जोड़ी ने तीसरे गेम में पूरी तरह दबदबा बना लिया। सात्विक और चिराग ने निर्णायक गेम 21-16 से जीतकर आरामदायक जीत हासिल की और फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। यह इस सीजन में उनकी पहली फाइनल एंट्री भी है।
अब खिताबी मुकाबले में भारतीय जोड़ी का सामना इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नाडो और डेनियल मार्थिन की जोड़ी तथा चीन के हे जी टिंग और रेन जियांग यू की जोड़ी के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
इससे पहले राउंड ऑफ 16 मुकाबले में सात्विक और चिराग ने मलेशिया के गूंटिंग ब्रायन जेरेमी और हैकल मुहम्मद को 21-12, 21-19 से हराया था।
वहीं पुरुष एकल वर्ग में लक्ष्य सेन का सफर समाप्त हो गया। ऑल इंग्लैंड ओपन के उपविजेता लक्ष्य सेन को थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसर्ण ने हराकर बाहर कर दिया।
पहले गेम में कुनलावुत ने शुरुआत से ही दबदबा बनाया और 11-2 की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। हालांकि लक्ष्य सेन ने लगातार पांच अंक जीतकर अंतर को चार अंकों तक कम कर दिया और शानदार वापसी की कोशिश की। इसके बावजूद भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक रजत पदक विजेता कुनलावुत की चुनौती पार नहीं कर सके और उन्हें 19-21, 16-21 से हार का सामना करना पड़ा।