मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) पर आत्मघाती हमले का धमकी भरा ई-मेल भेजने के आरोप में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोलकाता के गार्डनरिच इलाके से शुक्रवार की रात एक युवक को गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी कोलकाता पुलिस की साइबर सेल और STF की संयुक्त जांच के आधार पर की गई है।
इस बाबत मीडिया से बात करते हुए कोलकाता के अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर वी. सलोमन निशाकुमार ने बताया कि 14 मई को भवानीपुर थाने को सुबह करीब 10:15 बजे एक धमकी भरा ई-मेल मिला।
इस धमकी भरे ई-मेल को भेजने के लिए एक महिला के नाम का इस्तेमाल किया गया था। ई-मेल में धमकी दी गयी थी कि आतंकी संगठन अल-कायदा की मदद से मुख्यमंत्री पर आत्मघाती बम हमला किया जाएगा।
Read Also | डीसीपी शांतनु का ‘सिस्टम नेटवर्क’: जमीन सौदों से लेकर ट्रांसफर तक का खेल
ई-मेल मिलते ही पुलिस तुरंत जांच में जुट गयी। इस मामले में हसनैन इकबाल (27) का नाम सामने आया। बताया जाता है कि वह गार्डनरिच के गुलाम अब्बास लेन के निवासी हैं। जांच में पता चला है कि धमकी भरा ई-मेल उसने ही भेजा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में उसने बताया कि जिस महिला का नाम लेकर ई-मेल में किया गया था, वह उसकी पूर्व परिचित है। पुलिस का मानना है कि महिला और उसके परिवार को परेशानी में डालने के मकसद से ही इस काम को अंजाम दिया गया हो सकता है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि इससे पहले भी उक्त युवक चुनाव आयोग और भारत सरकार के विभिन्न विभागों सहित कई जगहों पर ई-मेल भेज चुका है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार हसनैन इकबाल आईपी एड्रेस बनाने समेत कई IT से संबंधित कामों में माहिर है। अपनी इसी तकनीकी समझ का इस्तेमाल करके वह इस तरह की गतिविधियों को अंजाम देता रहता है।