नीदरलैंड्सः नीदरलैंड्स के द हेग में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल चुनाव से जुड़े चर्चित ‘झालमुड़ी’ प्रसंग का हल्के-फुल्के अंदाज में जिक्र किया। कार्यक्रम के दौरान जैसे ही पश्चिम बंगाल का नाम लिया गया, वहां मौजूद एक व्यक्ति ने ‘झालमुड़ी’ कह दिया, जिस पर प्रधानमंत्री मुस्कुराते हुए बोले— “झालमुड़ी यहां भी पहुंच गई है।”
यह वही ‘झालमुड़ी’ मुद्दा है, जो हाल के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया था। चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री ने झाड़ग्राम में एक स्थानीय दुकान पर 10 रुपये की झालमुड़ी खरीदी थी, जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ था।
Delighted to interact with the Indian community in The Hague. Their warmth, achievements and strong bond with India continue to make us proud. https://t.co/DVKQo1pKXw
— Narendra Modi (@narendramodi) May 16, 2026
इस वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई थी। भारतीय जनता पार्टी ने इसे जनता से जुड़ाव का उदाहरण बताया, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने इसे दिखावा करार दिया था। पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने इस पर आलोचना करते हुए कहा था कि यह ‘स्टेज मैनेज्ड’ था। वहीं प्रधानमंत्री ने पलटवार में कहा था— “झालमुड़ी मैंने खाई है, झाल तृणमूल को लगा है।”
चुनाव परिणामों के बाद भाजपा समर्थकों ने भी इस प्रतीक को अपने जश्न में शामिल किया था। नीदरलैंड्स में अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने भारत में बढ़ते मतदान प्रतिशत और महिला भागीदारी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में लगातार चुनावी भागीदारी के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भारत आज बड़े लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है और भविष्य में ओलंपिक जैसे वैश्विक आयोजनों की मेजबानी का सपना देख रहा है। साथ ही स्टार्टअप सेक्टर की प्रगति का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले एक दशक में भारत में स्टार्टअप की संख्या तेजी से बढ़ी है।
यह दौरा भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते और तकनीकी सहयोग को मजबूत करने के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।