मॉस्कोः रूस की राजधानी मॉस्को और उसके आसपास के इलाके में रविवार को हुए बड़े ड्रोन हमले में एक भारतीय समेत कम से कम 4 लोगों की मौत हुई। इसके अलावा 3 भारतीय नागरिकों समेत अन्य कई लोगों के घायल होने की भी जानकारी दी गई है।
रूस स्थित भारतीय दूतावास ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि हमले के तुरंत बाद दूतावास के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात की। भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी बयान में मृतक के प्रति शोक व्यक्त किया और कहा कि प्रभावित कर्मचारियों को सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित कंपनी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। हालांकि अब तक मृतक और घायलों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। स्थानीय प्रशासन ने भी हमले के तरीके और परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
यह हमला ऐसे समय हुआ जब यूक्रेन ने रविवार रात मॉस्को क्षेत्र पर हाल के महीनों के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक को अंजाम दिया। हमले के दौरान राजधानी और आसपास के इलाकों में एयर रेड सायरन बज उठे, कई जगह विस्फोट हुए और मलबा गिरने की घटनाएं सामने आईं।
रूस के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि पिछले 24 घंटों में देशभर में एक हजार से अधिक यूक्रेनी ड्रोन को नष्ट किया गया। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन के अनुसार राजधानी की ओर बढ़ रहे कम से कम 81 ड्रोन को वायु रक्षा प्रणाली ने रातभर में मार गिराया।
ड्रोन हमलों के बावजूद कई रिहायशी इमारतों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा। अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में मॉस्को क्षेत्र में तीन लोगों की मौत हुई, जबकि रूस के यूक्रेन सीमा से सटे बेलगोरोद इलाके में भी एक व्यक्ति की जान चली गई।
मॉस्को क्षेत्र के गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने बताया कि मॉस्को के उत्तर में स्थित खिमकी इलाके में एक मकान पर ड्रोन का मलबा गिरने से एक महिला की मौत हो गई। वहीं मायतीशी जिले के पोगोरेल्की गांव में दो अन्य पुरुषों की जान चली गई। हमलों की अलग-अलग घटनाओं में कई लोग घायल भी हुए।
कुछ घायलों को मॉस्को की तेल रिफाइनरी के पास से अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि रूसी प्रशासन का कहना है कि रिफाइनरी को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और वहां कामकाज सामान्य रूप से जारी है। यह ताजा हमला उस बड़े रूसी हवाई हमले के कुछ दिनों बाद हुआ है, जिसे युद्ध शुरू होने के बाद यूक्रेन की राजधानी कीव पर सबसे भीषण हमलों में से एक माना जा रहा है। इसके बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि यूक्रेन ने रूस के भीतर 500 किलोमीटर से अधिक दूरी तक स्थित लक्ष्यों को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई रूसी हमलों और यूक्रेनी शहरों पर जारी हमलों के जवाब में की गई। क्रेमलिन ने इन हमलों की कड़ी आलोचना की है। रूसी सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार रूस के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया जाखारोवा ने इसे बड़ा आतंकी हमला बताया।
युद्ध शुरू होने के बाद से रूस और यूक्रेन लगातार एक-दूसरे पर नागरिक इलाकों को निशाना बनाने के आरोप लगाते रहे हैं। हालांकि दोनों देश इन आरोपों से इनकार करते हैं, लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्षों में रिहायशी क्षेत्रों और नागरिक ढांचे पर हमले लगातार जारी हैं।