चंडीगढ़ : टीम 911 ने रेड बुल हाफ कोर्ट 2026 नेशनल फाइनल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में टीम 911 ने जॉन डीयर को 14-12 से हराया।
टीम 911 में जशनदीप सिंह, उज्ज्वल एकनूर सिंह और मनवीर ढालीवाल शामिल थे। अब यह टीम दिसंबर 2026 में फिलीपींस की राजधानी मनीला में होने वाले वर्ल्ड फाइनल्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
रेड बुल हाफ कोर्ट 2026 नेशनल फाइनल्स का आयोजन चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में किया गया जहां देश की आठ शीर्ष टीमों ने जोरदार बास्केटबॉल मुकाबले खेले। प्रतियोगिता में तेज रफ्तार खेल और कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
रेड बुल हाफ कोर्ट 2026 में पंजाब पर विशेष फोकस रखा गया क्योंकि भारत में बास्केटबॉल का प्रमुख केंद्र पंजाब को माना जाता है। नेशनल फाइनल्स से पहले लुधियाना और चंडीगढ़ में दो क्वालिफायर आयोजित किए गए थे जिनमें प्रत्येक चरण में 32-32 टीमों ने हिस्सा लिया। कुल 64 टीमों में से शीर्ष आठ टीमों ने फाइनल्स के लिए जगह बनाई।
फाइनल मुकाबलों में प्रतिस्पर्धा का स्तर काफी ऊंचा रहा। नेशनल फाइनल्स में खेलने वाले सभी 32 खिलाड़ी अपने-अपने राज्यों का प्रतिनिधित्व कर चुके थे जबकि इनमें से 16 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी खेल चुके हैं।
टीम 911 के सदस्य मनवीर ढालीवाल ने कहा कि चंडीगढ़ में नेशनल फाइनल जीतने के बाद मनीला में वर्ल्ड फाइनल्स में भारत का प्रतिनिधित्व करना हमारे लिए अविश्वसनीय पल है। यह सिर्फ टीम 911 के लिए नहीं बल्कि उन सभी लोगों के लिए गर्व का क्षण है जिन्होंने हमारी इस यात्रा में हमारा समर्थन किया। हमने इसके लिए कड़ी मेहनत की है और अब हमारे ऊपर वैश्विक मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी है। हम उत्साहित हैं, आभारी हैं और अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
रेड बुल ने चंडीगढ़ की बास्केटबॉल संस्कृति को दिया नया आयाम
सेक्टर-17 स्थित जिस कोर्ट पर रेड बुल हाफ कोर्ट नेशनल फाइनल्स आयोजित किए गए, उसे स्ट्रीट बास्केटबॉल संस्कृति और चंडीगढ़ की पहचान को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से डिजाइन किया गया था।
“ओन द कोर्ट” थीम से प्रेरित इस कोर्ट पर पॉप-आर्ट शैली की आकर्षक कलाकृति बनाई गई जिसमें चंडीगढ़ की ज्यामितीय पहचान और बास्केटबॉल की तेज ऊर्जा का अनूठा मेल देखने को मिला। इससे कोर्ट के अंदर और बाहर दोनों जगह रोमांचक माहौल बना रहा।
इस कोर्ट को डूडल मैपुल्स टीम ने तैयार किया जिसकी स्थापना अमल नायर, यश शेट्टी और कीर्ति पिल्लई ने की है। कोर्ट की आर्टवर्क डिजाइन की अगुवाई अमल नायर ने की, जबकि मैदान पर डिजाइन के क्रियान्वयन और जर्सी डिजाइन की जिम्मेदारी यश शेट्टी ने संभाली।
मनवीर ढालीवाल ने कहा कि रेड बुल द्वारा चंडीगढ़ में तैयार किया गया नया कोर्ट बास्केटबॉल समुदाय के लिए शानदार उपहार जैसा है। यह सिर्फ एक कोर्ट नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के लिए ऊर्जा, प्रेरणा और खेल को आगे बढ़ाने का मंच है। ऐसे निवेश यह दिखाते हैं कि इस खेल और इसकी संस्कृति को अब वह पहचान मिल रही है जिसकी यह हकदार है।
हाल ही में शुरू हुई इंडिया बास्केटबॉल लीग ने भी रेड बुल हाफ कोर्ट 2026 नेशनल फाइनल्स में प्रतिभाओं की तलाश के लिए अपने दो कोच भेजे थे।
कोच पीएस संतोष और डेनियल तिहोमिर व्लाहोव इस प्रतियोगिता से कुछ खिलाड़ियों का चयन करेंगे। चुने गए खिलाड़ियों को इंडिया बास्केटबॉल लीग में पेशेवर खिलाड़ी की तरह प्रशिक्षण लेने, देश के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करने, विश्वस्तरीय कोचिंग और हाई-इंटेंसिटी मुकाबलों का अनुभव प्राप्त करने का विशेष अवसर मिलेगा।
दिलचस्प बात यह है कि रेड बुल हाफ कोर्ट 2024 के विजेता कंवर गुरबाज सिंह संधू, नवाज सिंह, अरविंदर काहलोन और करनदीप सिंह इस समय बेंगलुरु स्थित हाई-परफॉर्मेंस सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे हैं। यही केंद्र भारतीय राष्ट्रीय बास्केटबॉल टीम का भी प्रशिक्षण आधार है।