देहरादून : पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 और एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय बॉक्सिंग टीम में चयनित होने पर कपिल पोखरिया को बधाई दी।
कपिल पोखरिया को 90 किलोग्राम वर्ग में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 और एशियाई खेल 2026 दोनों के लिए भारतीय पुरुष मुक्केबाजी टीम में जगह मिली है। इस टीम में लवलीना बोरगोहेन, साक्षी चौधरी, सचिन सिवाच और प्रीति पवार जैसे प्रमुख खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि कपिल पोखरिया उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के चकरपुर गांव के निवासी हैं।
कपिल की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि उन्होंने उत्तराखंड और पूरे देश का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खटीमा के चकरपुर निवासी कपिल पोखरिया को आगामी कॉमनवेल्थ और एशियाई खेलों की भारतीय राष्ट्रीय मुक्केबाजी टीम में चयनित होने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि आपके वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का प्रेरणादायक परिणाम है। अपनी प्रतिभा और अटूट संकल्प से आपने देवभूमि उत्तराखंड और पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि कपिल पोखरिया अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन करेंगे और भारत का नाम ऊंचा करेंगे।
धामी ने कहा कि हमें पूरा विश्वास है कि आप अंतरराष्ट्रीय मंच पर बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे, भारतीय तिरंगे को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेंगे।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होगा जिसमें मुक्केबाजी की 14 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। वहीं एशियाई खेल 2026 का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होगा, जहां 11 भार वर्गों में मुकाबले होंगे।
एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय मुक्केबाजी टीम
महिला वर्ग
साक्षी चौधरी (51 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा), परवीन हुड्डा (65 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा)।
पुरुष वर्ग
जादूमणि सिंह (55 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), सुमित कुंडू (70 किग्रा), अंकुश (80 किग्रा), कपिल पोखरिया (90 किग्रा), नरेंद्र बरवाल (+90 किग्रा)।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारतीय मुक्केबाजी टीम
महिला वर्ग
साक्षी चौधरी (51 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा), जैस्मिन लांबोरिया (57 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा), परवीन हुड्डा (65 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा)।
पुरुष वर्ग
जादूमणि सिंह (55 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), आदित्य प्रताप सिंह (65 किग्रा), सुमित कुंडू (70 किग्रा), अंकुश (80 किग्रा), कपिल पोखरिया (90 किग्रा), नरेंद्र बरवाल (+90 किग्रा)।