शाओक्सिंग : पारुल चौधरी ने शनिवार को आयोजित शंघाई डायमंड लीग 2026 में महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने से बेहद मामूली अंतर से चूक गईं।
प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पारुल ने 9 मिनट 12.84 सेकंड का समय निकाला जिसके साथ उनके नए सत्र की आधिकारिक शुरुआत हुई। इस स्पर्धा में वह सातवें स्थान पर रहीं।
भारतीय धाविका अपना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने से केवल 0.38 सेकंड पीछे रह गईं। उन्होंने यह राष्ट्रीय रिकॉर्ड पिछले वर्ष गुमी में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतते समय बनाया था।
पारुल का प्रदर्शन इस साल जापान में सितंबर से अक्टूबर के बीच होने वाले एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) द्वारा तय महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा के न्यूनतम क्वालिफिकेशन मानक 9:47.00 से भी बेहतर रहा। हालांकि भारतीय दल में उनका अंतिम चयन एएफआई के निर्णय पर निर्भर करेगा और क्वालिफिकेशन मानक हासिल करना एशियाई खेलों में जगह की गारंटी नहीं माना जाएगा।
इस प्रतियोगिता में पेरुथ चेमुताई ने 8 मिनट 51.47 सेकंड के मीट रिकॉर्ड के साथ पहला स्थान हासिल किया। वह दो बार की ओलंपिक पदक विजेता हैं।
केन्या की फेथ चेरोटिच, जो पेरिस 2024 ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और मौजूदा विश्व चैंपियन हैं 8 मिनट 51.48 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं ट्यूनीशिया की मरवा बुजायानी ने 8 मिनट 58.09 सेकंड के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
शंघाई डायमंड लीग पारुल चौधरी की पिछले वर्ष टोक्यो में आयोजित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के बाद पहली प्रतियोगिता थी। उस प्रतियोगिता में वह अपनी हीट में 9 मिनट 22.24 सेकंड का समय निकालते हुए नौवें स्थान पर रही थीं।
यह पारुल का तीसरा डायमंड लीग मुकाबला भी था। इससे पहले वह पिछले वर्ष दोहा में अपने तत्कालीन व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 9 मिनट 13.39 सेकंड के समय के साथ छठे स्थान पर रही थीं। बाद में यूजीन में उन्होंने 9 मिनट 46.74 सेकंड का समय निकाला था और 16वें स्थान पर समाप्त किया था।
शंघाई प्रतियोगिता 2026 डायमंड लीग सत्र की शुरुआती प्रतियोगिता थी। अब अगला मुकाबला अगले सप्ताह शियामेन में आयोजित किया जाएगा।
इस बीच भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी सचिन यादव 4 जून को रोम में अपना डायमंड लीग पदार्पण करेंगे। पिछले वर्ष विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और गत चैंपियन नीरज चोपड़ा को पीछे छोड़ते हुए चौथा स्थान हासिल किया था।