रियाद : क्रिस्टियानो रोनाल्डो का अल नास्र के साथ खिताब जीतने का इंतजार अभी और लंबा हो गया है। एएफसी चैंपियंस लीग टू के फाइनल में अल नास्र को जापान के क्लब गाम्बा ओसाका के हाथों 0-1 से हार का सामना करना पड़ा।
शनिवार रात खेले गए इस मुकाबले में गाम्बा ओसाका के लिए निर्णायक गोल 29वें मिनट में डेनिस हुम्मेट ने दागा जिसने दोनों टीमों के बीच अंतर पैदा कर दिया। यह मैच अल नास्र के घरेलू मैदान किंग सऊद यूनिवर्सिटी स्टेडियम में खेला गया, जहां दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद थी।
घरेलू मैदान पर खेल रही अल नास्र को खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा था लेकिन गाम्बा ओसाका के स्ट्राइकर हुम्मेट ने शानदार मूव बनाते हुए इस्साम जेबाली के पास को नियंत्रित किया और गेंद को नेट के निचले कोने में पहुंचाकर घरेलू दर्शकों को स्तब्ध कर दिया।
यह गोल मैच की परिस्थितियों के विपरीत माना गया क्योंकि उस समय तक अल नास्र ने खेल पर काफी हद तक नियंत्रण बना रखा था। हालांकि गाम्बा ओसाका की रक्षापंक्ति बेहद अनुशासित रही और उसने रोनाल्डो तथा सादियो माने जैसे स्टार खिलाड़ियों को कोई बड़ा मौका नहीं दिया।
माने को मैच के आठवें मिनट में पहला मौका मिला था लेकिन उनके शॉट में इतनी ताकत नहीं थी कि वह 18 वर्षीय गोलकीपर रुई अराकी को चुनौती दे पाता। रोनाल्डो को भी पहले हाफ में कुछ अवसर मिले लेकिन वह प्रभावी साबित नहीं हो सके और घरेलू टीम पर दबाव बढ़ता गया।
दूसरे हाफ में पुर्तगाल के अनुभवी स्टार रोनाल्डो अपनी टीम की वापसी की कोशिशों के केंद्र में रहे लेकिन गाम्बा ओसाका के खिलाड़ियों ने उनके हर प्रयास को विफल कर दिया। 86वें मिनट में रोनाल्डो गोल करने के बेहद करीब पहुंचे लेकिन अंतिम क्षणों में गेन्ता मियूरा ने शानदार ब्लॉक लगाकर गेंद को कॉर्नर पर भेज दिया।
गोलकीपर रुई अराकी ने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जुआओ फेलिक्स और इनिगो मार्टिनेज जैसे खिलाड़ियों के प्रयासों को बेहतरीन बचाव से नाकाम किया। फेलिक्स बराबरी का गोल करने के बेहद करीब पहुंचे थे लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट से टकरा गया जिससे स्टेडियम में मौजूद घरेलू समर्थक निराश हो गए।
मैच के अंतिम 10 मिनट में अल नास्र ने लगातार दबाव बनाया लेकिन जापानी क्लब की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रही और अंततः गाम्बा ओसाका ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।