राज्य के विभिन्न हिस्सों और खासतौर पर कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल में उमस वाली तेज गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। लोग एक बार फिर से बारिश होने की उम्मीद जता रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने अच्छी खबर सुनायी है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को दक्षिण बंगाल के कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है। कोलकाता में भी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। हालांकि दिन में उमस और चिलचिलाती धूप का प्रकोप जारी रहने वाला है।
कोलकाता के मौसम का हाल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार की सुबह से ही कोलकाता का आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। दिन बढ़ने के साथ धूप तेज होगी, जिससे गर्मी और उमस भरा मौसम लोगों को परेशान करेगा। हालांकि दोपहर के बाद महानगर में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना भी जताई गई है।
Read Also | राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग, दिल्ली-मुंबई रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रुकी
मिली जानकारी के अनुसार रविवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। वहीं अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जो सामान्य से 1.0 डिग्री कम है।
राज्य के दूसरे हिस्सों में कैसा रहेगा मौसम?
दक्षिण बंगाल में भी तूफानी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दक्षिण बंगाल के लगभग सभी जिलों में गरज और बिजली की कड़क के साथ बारिश हो सकती है। पुरुलिया, बीरभूम, मुर्शिदाबाद, पश्चिम बर्धमान, झारग्राम, उत्तर 24 परगना और नदिया में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। बताया जाता है कि इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
वहीं बात अगर उत्तर बंगाल की करें तो यहां भी बारिश की चेतावनी जारी की है। जलपाईगुड़ी और अलीपुरदुआर में भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और कूचबिहार में भी अलग-अलग जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जतायी गयी है।