🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार बने अंगकृष रघुवंशी, फिन एलेन ने बताया भारतीय क्रिकेट का भविष्य

फिन एलेन ने युवा बल्लेबाज की तारीफ में कहा- इतनी कम उम्र में लगातार मैच जिताना बड़ी बात।

By शिखा सिंह

May 17, 2026 11:42 IST

कोलकाता : कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की फिन एलेन ने अंगकृष रघुवंशी की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें 'स्टारबॉय' बताया। उन्होंने कहा कि युवा बल्लेबाज लगातार अपने खेल का विस्तार कर रहा है और इतनी कम उम्र में टीम का उस पर निर्भर होना उसकी प्रतिभा को दर्शाता है।

रघुवंशी ने आईपीएल में अपने शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी रखते हुए इस सत्र का पाँचवाँ अर्धशतक लगाया। 21 वर्षीय बल्लेबाज इस सीजन में केकेआर के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और उन्होंने कई दिग्गजों तथा आधुनिक दौर के सितारों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने 12 मैचों में 42.20 की औसत और 146.52 के स्ट्राइक रेट से 422 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से पाँच अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 82 रन रहा है।

मैच के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में भारतीय बल्लेबाज के बारे में बोलते हुए एलेन ने कहा कि रघुवंशी कुछ ऐसे शॉट खेलते हैं जो अविश्वसनीय लगते हैं और उनका प्रदर्शन भारतीय क्रिकेट के लिए भी बेहद सकारात्मक संकेत है।

एलेन ने कहा कि स्टारबॉय। वह शानदार खिलाड़ी है और लगातार अपने खेल को बेहतर बना रहा है। उसकी बुनियाद बहुत मजबूत है और वह कुछ अविश्वसनीय शॉट खेल सकता है। इतनी कम उम्र में टीम का उस पर इतना भरोसा होना दिखाता है कि वह कितना बेहतरीन खिलाड़ी है। फ्रेंचाइजी के लिए यह बेहद उत्साहजनक है कि इतना युवा खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और यह भारतीय क्रिकेट के लिए भी शानदार बात है। मैं उसकी जितनी तारीफ करूँ कम है। वह बहुत अच्छा लड़का है।

उन्होंने स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की भी सराहना की, जो हाल के समय में चोट से जूझ रहे हैं। एलेन ने कहा कि असहज महसूस करने के बावजूद वरुण का अपने पूरे चार ओवर डालना उनके जज़्बे और चरित्र को दिखाता है। हालांकि इस मैच में वरुण को कोई विकेट नहीं मिला और उन्होंने 47 रन दिए। एलेन ने यह उम्मीद भी जताई कि वह आगामी मुकाबलों के लिए फिट हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि दुर्भाग्य से मेरे पास फिजियोथेरेपी की डिग्री नहीं है इसलिए उनकी फिटनेस की स्थिति पर मैं ज़्यादा कुछ नहीं कह सकता। लेकिन वह बेहद मजबूत खिलाड़ी हैं और दर्द के बावजूद गेंदबाजी करने आना उनके चरित्र को दर्शाता है। जब खिलाड़ी टीम के लिए दर्द सहकर मैदान पर उतरते हैं तो उससे पूरे समूह का मनोबल बढ़ता है।

एलेन ने आगे कहा कि अगले मैचों के बीच हमारे पास कुछ दिन का समय है इसलिए मुझे यकीन है कि वह फिट होने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। वह हमारे लिए शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं और आज उनके ओवर काफी अहम रहे।

प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना पर बात करते हुए एलेन ने कहा कि टीम का पूरा ध्यान अच्छी तैयारी, कड़ी ट्रेनिंग और जीत हासिल करने पर है। अगर केकेआर अपने बाकी दोनों मैच जीत लेती है तो उसके 15 अंक हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि इस सीजन में हमने सबसे अच्छी बात यह की है कि हम शांत बने रहे। खराब शुरुआत के बावजूद ड्रेसिंग रूम में घबराहट नहीं थी और इसका श्रेय सपोर्ट स्टाफ तथा ‘जिंक्स’ यानी कप्तान अजिंक्य रहाणे को जाता है जिन्होंने टीम के भीतर यही सोच कायम रखी। हमने पूरे टूर्नामेंट में एक-एक मैच पर ध्यान दिया है। हमें पता है कि क्वालीफाई करने की उम्मीद बनाए रखने के लिए आखिरी दो मैच जीतना जरूरी है, इसलिए हमारा फोकस सिर्फ अच्छी तैयारी, कड़ी ट्रेनिंग और अपना काम सही तरीके से करने पर है।

मैच की बात करें तो गुजरात टाइटंस (जीटी) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी लेकिन तीन बार की आईपीएल चैंपियन केकेआर ने इसका पूरा फायदा उठाया। कप्तान रहाणे 14 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए, जिसके बाद फिन एलेन ने 35 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी पारी में चार चौके और 10 छक्के शामिल रहे। एलेन और अंगकृष रघुवंशी ने दूसरे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी कर गेंदबाजों पर दबाव बना दिया।

एलेन के आउट होने के बाद रघुवंशी ने सीजन का अपना पाँचवाँ अर्धशतक पूरा किया और कैमरून ग्रीन के साथ मिलकर 108 रन की साझेदारी निभाई। ग्रीन ने 28 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे। रघुवंशी ने 44 गेंदों में नाबाद 82 रन की पारी खेली, जिसमें चार चौके और सात छक्के शामिल थे। केकेआर ने 20 ओवर में 247/2 का विशाल स्कोर खड़ा किया।

जीटी की ओर से मोहम्मद सिराज और आर साई किशोर को एक-एक विकेट मिला।

लक्ष्य का पीछा करते हुए साई सुदर्शन चोटिल होकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने 49 गेंदों में 85 रन बनाए, जिसमें पाँच चौके और सात छक्के शामिल थे। उनके साथ जोस बटलर ने 35 गेंदों में 57 रन की पारी खेली, जिसमें पाँच चौके और दो छक्के शामिल रहे। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 128 रन जोड़े और टीम को मुकाबले में बनाए रखा।

हालांकि इन दोनों बल्लेबाज़ों के आउट होने के बाद गुजरात की रनगति धीमी पड़ गई और टीम 20 ओवर में 218/4 का स्कोर ही बना सकी।

केकेआर की ओर से सुनील नारायण सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 29 रन देकर दो विकेट लिए और उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

अंक तालिका में गुजरात टाइटंस 13 मैचों में आठ जीत और पाँच हार के साथ 16 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स 12 मैचों में पाँच जीत, छह हार और एक मुकाबला बेनतीजा रहने के कारण 11 अंकों के साथ सातवें स्थान पर मौजूद है।

Articles you may like: