🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

रवि शास्त्री ने चयनकर्ताओं से की मांग, वैभव सूर्यवंशी को जल्द भारतीय टीम में मौका मिले

सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 36 गेंदों में शतक लगाकर वैभव ने सबका ध्यान खींचा।

By शिखा सिंह

May 17, 2026 15:40 IST

नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री का मानना है कि युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने चयनकर्ताओं से आग्रह किया है कि इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी को जल्द से जल्द भारतीय टी20 टीम में शामिल किया जाए।

इस साल की शुरुआत में भारत की अंडर-19 विश्व कप विजेता टीम के अहम सदस्य रहे वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने 11 पारियों में 236.56 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट और 40 की औसत से 440 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़ा जबकि दो और अर्धशतक भी लगाए। मौजूदा आईपीएल सीजन में उनके बल्ले से 40 छक्के और 38 चौके निकले हैं।

उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और निडर अंदाज ने रवि शास्त्री को काफी प्रभावित किया है। शास्त्री का मानना है कि 15 वर्षीय यह बल्लेबाज अगले महीने आयरलैंड दौरे पर भारतीय सीनियर टीम के लिए पदार्पण कर सकता है।

शास्त्री ने ‘द आईसीसी रिव्यू’ से बातचीत में कहा कि मेरे हिसाब से उसके लिए दरवाजा तीन-चौथाई खुल चुका है। अगर आप किसी युवा खिलाड़ी को प्रोत्साहित करना चाहते हैं और जल्द से जल्द टीम के माहौल में लाना चाहते हैं तो टी20 क्रिकेट इससे बेहतर मंच नहीं हो सकता। उसमें किसी भी तरह की कमी नहीं है। मौजूदा समय में वह दुनिया की कई टीमों में सीधे जगह बना सकता है। उसके चेहरे पर युवावस्था का जो आत्मविश्वास और ऊर्जा दिखाई देती है वह खास है।

रवि शास्त्री ने कहा कि वैभव की उम्र को चर्चा का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए क्योंकि उन्होंने आईपीएल में अनुभवी गेंदबाजों के खिलाफ जिस परिपक्वता से बल्लेबाजी की है वह उनकी क्षमता को दर्शाती है।

वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल 14 साल की उम्र में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल पदार्पण किया था और सात मैचों में 252 रन बनाए थे। अपने तीसरे ही आईपीएल मुकाबले में उन्होंने 35 गेंदों में शतक लगाकर आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी दर्ज किया था।

शास्त्री ने कहा कि बहुत से लोग पूछेंगे कि वह 15 साल का है, 16 का है या 14 का। मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं सिर्फ यह देखता हूं कि वह इस समय कैसी बल्लेबाजी कर रहा है और अपने से दोगुनी या ढाई गुना उम्र के खिलाड़ियों का सामना किस आत्मविश्वास से कर रहा है। उसे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।

उन्होंने आगे कहा कि मुझे लगता है कि वह भारतीय टीम की योजनाओं में पूरी तरह शामिल है। जब आयरलैंड जैसे दौरे सामने हैं तो मैं तुरंत उसे टीम में शामिल करने के बारे में सोचूंगा।

भारतीय सीनियर टीम में चयन की दिशा में वैभव सूर्यवंशी की दावेदारी को और मजबूती तब मिली जब 14 मई को उन्हें पहली बार इंडिया ए टीम में चुना गया। वह जून में श्रीलंका दौरे पर जाएंगे जहां अफगानिस्तान के साथ त्रिकोणीय सीरीज खेली जाएगी। इस दौरे पर अच्छा प्रदर्शन करने पर निकट भविष्य में उन्हें भारतीय टीम की कैप मिल सकती है।

Articles you may like: