फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। फतेहपुर स्थित ललौली थाना क्षेत्र के कुनुहा का डेरा इलाके में रिन्द नदी में नहाने गए छह दोस्त गहरे पानी में डूब गए। हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो को गोताखोरों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। जानकारी के अनुसार, ललौली थाना क्षेत्र के तपनी गांव निवासी छह दोस्त नदी में नहाने के लिए गए थे। नहाते समय सभी युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और गोताखोर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
इलाके में मची सनसनी
रेस्क्यू के दौरान गोताखोरों ने चार युवकों के शव नदी से बाहर निकाले। मृतकों की पहचान हसीबुद्दीन, शाहिद, अंश और शान के रूप में हुई है। वहीं, निजाम और मोनू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिनकी हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। चार दोस्तों की एक साथ मौत से परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में मातम पसरा है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हादसे की वजह नदी के गहरे पानी में चले जाना सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है।