मॉस्को : रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच यूक्रेन ने मॉस्को पर पिछले एक वर्ष का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया है। इस हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मॉस्को प्रशासन ने भी स्वीकार किया है कि बीते एक साल में राजधानी पर यह सबसे बड़ा हमला है। रूसी समाचार माध्यमों के अनुसार रातभर में यूक्रेन की ओर से कुल 556 ड्रोन दागे गए। रूस की वायु रक्षा प्रणाली ने इनमें से कई ड्रोन को रास्ते में ही नष्ट कर दिया, लेकिन कुछ ड्रोन आबादी वाले इलाकों तक पहुंचने में सफल रहे। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के मुताबिक हमले में खिमकी शहर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि मितिश्ची इलाके में दो अन्य लोगों ने जान गंवाई। ड्रोन के मलबे गिरने से कई स्थानों पर आग लगने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
रूस और यूक्रेन के बीच तीन दिन का संघर्षविराम पिछले मंगलवार को समाप्त हुआ था। इसके बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे पर फिर से हमले तेज कर दिए। सप्ताह की शुरुआत में रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बड़ा हमला किया था जिसमें कम से कम 25 लोगों की मौत हुई थी। अब यूक्रेन ने उसी के जवाब में मॉस्को को निशाना बनाया है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मॉस्को के शेरेमेत्येवो हवाई अड्डे को भी निशाना बनाया गया। हालांकि इस हमले में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं मिली है। वहीं दूसरी ओर यूक्रेन की वायुसेना ने दावा किया है कि रूस ने भी रातभर कीव पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए। यूक्रेन के अनुसार, राजधानी और उसके आसपास सात अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाया गया। लगातार बढ़ते ड्रोन हमलों और जवाबी कार्रवाइयों ने दोनों देशों के बीच तनाव को और अधिक गहरा कर दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि संघर्षविराम खत्म होने के बाद अब युद्ध एक बार फिर अधिक आक्रामक चरण में प्रवेश कर सकता है।