श्रीनगरः एनआईए जांच में खुलासा हुआ कि वह फर्जी दस्तावेज बनाकर भारत से भागने की योजना बना रहा था और उसके खुलासों से लश्कर के ओजीडब्ल्यू नेटवर्क का भी भंडाफोड़ हुआ है।
जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों को अंजाम देने और स्लीपर सेल तैयार करने के मकसद से भारत में घुसपैठ करने वाला लश्कर-ए-तोइबा का एक पाकिस्तानी आतंकी श्रीनगर में हेयर ट्रांसप्लांट करवाने में जुट गया। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आतंकी मोहम्मद उस्मान जट्ट उर्फ 'चाइनीज' पाकिस्तान के लाहौर का रहने वाला है और लश्कर-ए-ताइबा का प्रशिक्षित आतंकी है। उसने पूछताछ में बताया कि उसे भारत में आतंकी हमले करने और स्लीपर नेटवर्क खड़ा करने के निर्देश दिए गए थे।
जांच में सामने आया कि कश्मीर में आने के बाद उसने यहां की सामान्य जिंदगी को उन बातों से बिल्कुल अलग पाया, जो उसे आतंकी प्रशिक्षण शिविरों में बताई गई थीं। इसी दौरान वह श्रीनगर में एक दुकानदार के संपर्क में आया जिसने हेयर ट्रांसप्लांट करवाया हुआ था। इससे प्रभावित होकर जट्ट ने भी हेयर ट्रांसप्लांट करवाने का फैसला किया। अधिकारियों ने बताया कि आतंकी कई बार क्लिनिक में रातभर भी रुका और इलाज पूरा होने के बाद जम्मू होते हुए पंजाब के मलेरकोटला पहुंच गया। वहां उसने अंग्रेजी सीखने और तुर्की टीवी शो देखने में समय बिताया।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, जट्ट फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और पासपोर्ट बनवाकर भारत से भागने की योजना बना रहा था। पूछताछ के दौरान उसके खुलासों के आधार पर श्रीनगर और उत्तर कश्मीर में सक्रिय लश्कर के ओवर ग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) के नेटवर्क का भी पर्दाफाश हुआ है। श्रीनगर पुलिस ने पिछले महीने मोहम्मद उस्मान जट्ट को अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा के साथ गिरफ्तार किया था। बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एनआईए को सौंप दी गई।