लखनऊ : उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा कांट कस्बे के पास उस समय हुआ जब तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार यह भीषण दुर्घटना उस समय हुई जब जलालाबाद की ओर से आ रहा एक ट्रक विपरीत दिशा से आ रहे ऑटो-रिक्शा से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में फंसे चार घायलों को बाहर निकालकर तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया जहां उनका उपचार जारी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शाहजहांपुर में हुए इस दुखद सड़क हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन को राहत और बचाव कार्य तेजी से करने तथा घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के आदेश भी दिए गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले 8 मई को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में भी एक तेज रफ्तार ट्रक ने पांच लोगों की जान ले ली थी जिनमें तीन बच्चे शामिल थे। इस मामले में एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया था कि एक व्यक्ति अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था तभी रास्ते में उनका वाहन दूसरे वाहन से टकरा गया जिसमें सभी पांच लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी थी।