फलताः किसी समय दक्षिण 24परगना को तृणमूल कांग्रेस का मजबूत गढ़ माना जाता था, लेकिन 2026के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बढ़ती ताकत के कारण राजनीतिक समीकरण बदलते दिखाई दिए। अब इसी जिले के फलता विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य ने राज्य में उद्योग और निवेश बढ़ाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उल्लेखनीय है कि इस सीट पर चुनाव आयोग ने मतदान रद्द कर 21मई को दोबारा वोटिंग कराने का निर्देश दिया है।
फलता में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि बीजेपी विदेशों और दूसरे राज्यों में रह रहे बंगाली व्यवसायियों और उद्योगपतियों को वापस बंगाल लाने की कोशिश कर रही है। उनका कहना था कि दक्षिण 24परगना लंबे समय से प्रवासी मजदूरों के जिले के रूप में जाना जाता है, लेकिन अब इस पहचान को बदलने का समय आ गया है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में नए उद्योग स्थापित किए जाएंगे और इसके लिए दुनिया भर में फैले बंगाली उद्योगपतियों से संपर्क किया जा रहा है। शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि अनेक बंगाली इंजीनियर विदेशों में बड़ी जिम्मेदारियों पर काम कर रहे हैं और कई लोगों ने सफल स्टार्टअप भी खड़े किए हैं। बीजेपी चाहती है कि वे अब बंगाल में निवेश करें और राज्य में फिर से उद्योगों का विस्तार हो।
बीजेपी के समर्थन में बड़ी लहर का दावा, TMC का अस्तित्व नहीं रहेगा
फलता की सभा में शमीक भट्टाचार्य ने तृणमूल कांग्रेस के भविष्य को लेकर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों के बाद तृणमूल कांग्रेस नाम की पार्टी अस्तित्व में नहीं रहेगी। उन्होंने दावा किया कि पहले जब वे ऐसी बातें कहते थे तो लोग सवाल उठाते थे, लेकिन अब राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियां उनके दावे को सही साबित कर रही हैं।
सभा में उन्होंने कहा कि कूचबिहार और अलीपुरद्वार जैसे इलाकों में तृणमूल कांग्रेस का प्रभाव लगभग समाप्त हो चुका है। साथ ही उन्होंने मुर्शिदाबाद का जिक्र करते हुए भी तंज कसा। शमीक भट्टाचार्य का कहना था कि बीजेपी के समर्थन में जनता की लहर इतनी मजबूत है कि तृणमूल कांग्रेस कई इलाकों में पूरी तरह कमजोर पड़ चुकी है और फलता में भी ऐसा ही परिणाम देखने को मिलेगा।
उन्होंने फलता से बीजेपी प्रत्याशी देवांशु पंडा को एक लाख से अधिक मतों से जिताने की अपील की। इससे एक दिन पहले शुभेंदु अधिकारी भी यहां प्रचार करने पहुंचे थे और उन्होंने भी बीजेपी उम्मीदवार की बड़ी जीत का लक्ष्य तय किया था।
शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि स्थानीय स्तर पर कई लोग यह दावा कर रहे थे कि फलता में तृणमूल कांग्रेस की सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने तृणमूल नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बीजेपी सभी को प्रचार के लिए आमंत्रित कर रही है और पार्टी कार्यकर्ता शंख बजाकर स्वागत भी करेंगे, लेकिन विपक्षी नेता मैदान में नजर नहीं आ रहे।
अन्नपूर्णा योजना के तहत महिलाओं को दोगुना लाभ देने की घोषणा
शमीक भट्टाचार्य ने अपने भाषण में कहा कि बीजेपी नफरत या आक्रामक राजनीति में विश्वास नहीं करती, लेकिन अतीत में हुए अत्याचारों को भी भुलाया नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी पश्चिम बंगाल की राजनीतिक संस्कृति में बदलाव लाना चाहती है।
फलता से बीजेपी उम्मीदवार देवांशु पंडा को एक लाख से अधिक मतों से जिताने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि बड़ी जीत मिलने पर क्षेत्र के सभी विकास कार्य तेजी से पूरे कराए जाएंगे। उन्होंने माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी सीट का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बीजेपी उम्मीदवार आनंदमय बर्मन ने एक लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की थी और अब फलता में उससे भी बड़ा रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
सभा के दौरान उन्होंने अन्नपूर्णा योजना को लेकर भी बड़ा आश्वासन दिया। शमीक भट्टाचार्य ने कहा कि 1जून से महिलाओं के खातों में “मां अन्नपूर्णा” योजना के तहत राशि भेजी जाएगी और पहले की तुलना में दोगुनी रकम दी जाएगी।