🔔 ताज़ा ख़बरें सबसे पहले!

Samachar EiSamay की ब्रेकिंग न्यूज़, राजनीति, खेल, मनोरंजन और बिज़नेस अपडेट अब सीधे आपके पास।

शुभेंदु अधिकारी के पीए हत्याकांड का मुख्य आरोपी राजकुमार सिंह बारासात कोर्ट में पेश

मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार आरोपी को बारासात लाया गया, जांच एजेंसी ने हत्या को सुनियोजित साजिश बताया।

By श्वेता सिंह

May 19, 2026 15:44 IST

बारासातः केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे राजकुमार सिंह को मंगलवार को विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया।

सीबीआई के मुताबिक, राजकुमार सिंह को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसी का दावा है कि वही इस मामले में गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी है। गिरफ्तारी के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस ने भी सीबीआई की मदद की।

बताया गया है कि चंद्रनाथ रथ पर 6 मई की देर रात मध्यमग्राम इलाके में हमला हुआ था। उन पर गोली चलाई गई थी, जिसके बाद गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। चंद्रनाथ रथ पहले भारतीय वायुसेना में भी काम कर चुके थे।

इस मामले की जांच पहले पश्चिम बंगाल पुलिस कर रही थी। बाद में राज्य सरकार और केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की मंजूरी के बाद जांच सीबीआई को सौंप दी गई। इसके बाद सीबीआई ने हत्या, आपराधिक साजिश, संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किया।

सीबीआई ने यह केस चंद्रनाथ रथ के भाई की शिकायत के आधार पर दर्ज किया। शिकायत में कहा गया था कि हत्या किसी एक व्यक्ति का काम नहीं, बल्कि पूरी योजना बनाकर कई लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

इस मामले में पहले भी तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और राज सिंह को बिहार और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने तीनों को 24 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

सरकारी वकील विभास चटर्जी ने बताया कि जांच के दौरान सबूत मिटाने की कोशिशों के संकेत भी मिले हैं। इसी वजह से सीबीआई ने अदालत से अतिरिक्त धाराएं जोड़ने की मांग की थी, जिसे मंजूर कर लिया गया।

अब सीबीआई इस पूरे मामले में यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या के पीछे किसकी साजिश थी और इसमें कितने लोग शामिल थे।

Articles you may like: