कोलकाताः अलीपुर मौसम विभाग ने दक्षिण बंगाल में कालबैसाखी को लेकर अलर्ट जारी किया है। मंगलवार दोपहर बाद कोलकाता समेत अधिकांश जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, प्री-मानसून गतिविधियों के कारण मौसम अचानक बदल सकता है।
मौसम विभाग ने नादिया, पूर्व बर्दवान, बीरभूम, बांकुरा, झाड़ग्राम, पश्चिम मिदनापुर, पुरुलिया और मुर्शिदाबाद को ज्यादा संवेदनशील जिलों में रखा है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं कोलकाता, हावड़ा और साल्ट लेक में शाम के समय हल्की बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने का अनुमान है।
सोमवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को भी तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश से कुछ घंटों के लिए गर्मी कम होगी, लेकिन नमी बढ़ने के कारण उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि पश्चिमी जिलों - खासकर पुरुलिया, बांकुरा और पश्चिम बर्दवान में इस सप्ताह तापमान फिर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यानी फिलहाल लोगों को गर्मी से पूरी राहत मिलने की संभावना नहीं है।
दूसरी ओर उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार समेत कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में 11 से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा हो सकती है। प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।